एयरलाइन कंपनियों का आरोप है कि अहमदाबाद एयरपोर्ट ने ग्राउंड हैंडलिंग चार्जेज में 10 गुना से अधिक बढ़ोतरी कर दी है। एयरपोर्ट टैरिफ तय करने वाली एजेंसी एयरपोर्ट इकनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (AERA) ने शुक्रवार शाम को इस बारे में एक नोटिस जारी किया। अथॉरिटी ने कहा कि उसकी मंजूरी के बिना चार्जेज और टैरिफ लगाना अवैध है। अथॉरिटी ने कहा कि कुछ एयरपोर्ट ऑपरेटर मंजूरी लिए बिना चार्जेज लगा रहे हैं जो ठीक नहीं है। सभी एयरपोर्ट ऑपरेटर्स को इस तरह के चार्ज लगाने से बचना चाहिए। अडानी एयरपोर्ट्स के प्रवक्ता ने सवालों का जवाब नहीं दिया।
टॉप मैनेजमेंट को सम्मन
जानकारों का कहना है कि एईआरए ने अहमदाबाद एयरपोर्ट के टॉप मैनेजमेंट को सम्मन देकर सोमवार को बुलाया है। अहमदाबाद एयरपोर्ट की सितंबर में जारी टैरिफ लिस्ट के मुताबिक 15 से अधिक यात्रियों वाली चार्टर फ्लाइट पर जनरल एविएशन चार्ज कम से कम 265,000 रुपये है। इस पर प्रति पैसेंजर 17,667 रुपये का चार्ज लगेगा। साथ ही एयरपोर्ट ने आईपीएल के दौरान ऑपरेट होने वाले स्पेशल फ्लाइट्स पर 6,000 रुपये प्रति पैसेंजर एक्सट्रा चार्ज वसूला है। ये चार्ज लैंडिंग और पार्किंग चार्ज के अलावा है। साथ ही एयरलाइन कंपनियों को कहा गया है कि अगर किसी खास सीजन के लिए किसी फ्लाइट की जानकारी नहीं दी गई है तो उसे चार्टर माना जाएगा।सूत्रों के मुताबिक इंडिगो, स्पाइसजेट और विस्तारा ने पुराने चार्जेज के आधार पर क्रिकेट टीमों को लाने ले जाने के लिए बीसीसीआई के पास बिड भरी थी। उनका कहना है कि अहमदाबाद एयरपोर्ट के इस तरह अचानक चार्ज बढ़ाने से उन्हें भारी नुकसान होगा क्योंकि बीसीसीआई ने एक्स्ट्रा चार्ज देने से इन्कार कर दिया है। एयरलाइन कंपनियां दुनियाभर से क्रिकेट प्रेमियों को लाने के लिए स्पेशल चार्टर फ्लाइट्स ऑपरेट कर रही हैं। अक्टूबर में अहमदाबाद एयरपोर्ट से 170 से अधिक चार्टर फ्लाइट्स ऑपरेट की गई हैं जो सामान्य से चार गुना अधिक है।











