सर्द हवाओं से और बढ़ी सिहरन, 11 शहरों में पारा 15 से नीचे पहुंचा

सर्द हवाओं से और बढ़ी सिहरन, 11 शहरों में पारा 15 से नीचे पहुंचा
भोपाल। उत्तर भारत के तरफ से आ रही सर्द हवाओं के असर से पूरे प्रदेश में रात में सिहरन बढ़ने लगी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम 13.1 डिग्री सेल्सियस तापमान मलाजखंड में दर्ज किया गया। मलाजखंड सहित 11 शहरों दतिया, गुना, ग्वालियर, रायसेन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, मंडला, नौगांव, रीवा एवं उमरिया में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा।

दिन में भी बढ़ेगी सर्दी

उधर हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 12 डिग्री सेल्सियस पर रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। मौसम का मिजाज अभी इसी तरह बना रहने की संभावना है।

मौसम शुष्क

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। वातावरण में नमी काफी कम रहने के कारण मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। इस वजह से रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट का सिलसिला बना हुआ है।

रात में चल रही उत्तरी हवाएं

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में दिन के समय तो हवा का रुख कभी पश्चिमी तो कभी दक्षिणी हो जाता है, लेकिन शाम ढलते ही हवा का रुख उत्तरी हो जाता है। उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के कारण ही पूरे प्रदेश में धीरे-धीरे सिहरन बढ़ने लगी है। इस तरह का सिलसिला अभी बना रहने की संभावना है। उधर शुक्रवार को राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो गुरुवार के न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
Advertisement