निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव तुहिन कांत पांडेय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'एसजेवीएन में बिक्री पेशकश गैर-खुदरा निवेशकों के लिए कल खुलेगी। खुदरा निवेशक शुक्रवार को बोली लगा सकते हैं। सरकार अतिरिक्त बोली आने पर 2.46 प्रतिशत हिस्सेदारी और बेचने (ग्रीन शू विकल्प) के विकल्प सहित 4.92 प्रतिशत इक्विटी का विनिवेश करेगी।'
15% सस्ता मिल रहा इस सरकारी कंपनी का शेयर, इस साल दिया है 135% रिटर्न
नई दिल्ली: निवेशकों के लिए आज से कमाई का एक शानदार मौका खुल रहा है। सरकार अपनी हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर जेनरेटर कंपनी एसजेवीएन लिमिटेड (SJVN Ltd.) में 4.92 परसेंट हिस्सेदारी बेच रही है। यह बिक्री ऑफर फॉर सेल यानी ओएफएस (OFS) के जरिए की जाएगी। इसके लिए फ्लोर प्राइस 69 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है जो इसके बुधवार के बंद भाव से 15.6 परसेंट कम है। कंपनी का शेयर बुधवार को 6.78 परसेंट की तेजी के साथ 81.75 रुपये पर बंद हुआ। इसमें ग्रीन शू ऑप्शन (Green Shoe Option) भी शामिल है। सरकार को इस हिस्सेदारी बिक्री से कुल 1,600 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। एसजेवीएन को पहले सतलज जल विद्युत निगम कहा जाता था। इसकी स्थापना 1988 में भारत सरकार तथा हिमाचल प्रदेश सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में की गई थी।
इस साल 135% तेजी
जून तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक सरकार की कंपनी में 86.77 परसेंट हिस्सेदारी है। 4.92 परसेंट हिस्सेदारी बेचने के बाद भी कंपनी में सरकार की 81.85 परसेंट हिस्सेदारी रहेगी। नियमों के मुताबिक पब्लिक कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 75 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए। सरकार की 21 पीएसयू में 75 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी है। इस अतिरिक्त हिस्सेदारी बिक्री से सरकार को 1.9 लाख करोड़ रुपये मिल सकते हैं। एसजेवीएन के शेयरों में इस साल 135 फीसदी तेजी आई है। किसी कैलेंडर वर्ष में पहली बार इसका शेयर 100 परसेंट से अधिक उछला है।











