सीवरेज चैंबर जाम, रहवासी समिति अध्यक्ष ने गंदे पानी में उतरकर जताया विरोध

सीवरेज चैंबर जाम, रहवासी समिति अध्यक्ष ने गंदे पानी में उतरकर जताया विरोध

 रतलाम। सीवरेज लाइन डालने के लिए खुदाई के बाद रिस्टोरेशन नहीं करने से सड़कें तो खराब हुई ही हैं, अब चैंबर जाम होने की समस्या से भी लोग आक्रोशित हैं। रतलाम की सज्जनविहार कालोनी में चैंबर जाम होने के बाद गंदा पानी सड़क पर बहने लगा।

गंदे पानी में उतरकर विरोध जताया

शिकायत के बाद सुनवाई नहीं हुई तो रहवासी समिति के अध्यक्ष ने चैंबर के गंदे पानी में उतरकर विरोध जताते हुए इसका वीडियो भी जारी कर दिया। सूचना मिलने पर सुधार के लिए अमला पहुंचा, लेकिन स्थायी निराकरण नहीं हो पाया।

समस्या शहर के कई क्षेत्रों में

दरअसल सीवरेज चैंबरों के चाक होने से गंदा पानी जमा होने की समस्या शहर के कई क्षेत्रों में आ रही है। इसमें कई लोग चैंबर में शराब की बोतलें, कपड़े आदि भी डाल देते हैं। सज्जनविहार कालोनी में सड़क निर्माण के दौरान मलबा जमा होने से चैंबर जाम हो गया।

समिति के अध्यक्ष बालमुंकद योगी ने बताया कि शिकायत करने पर बताया गया कि सड़क निर्माण ठेकेदार के कारण चैंबर जाम हुआ है तो सफाई नगर निगम या ठेकेदार करवाएगा। इधर रहवासी रोज शिकायत करने लगे तो परेशान होकर खुद ही चैंबर के गंदे पानी में उतरकर सफाई करने लगा। इसका वीडियो भी बहुप्रसारित हो गया। सूचना मिलने पर सीवरेज कंपनी के अमले ने चैंबर को साफ करवाया।

इनका कहना है

सज्जनविहार में सड़क निर्माण के दौरान मलबा डलने से चैंबर चाक हो गया था। हमने सफाई करवा दी।

-वैभव शर्मा, असिस्टेंट रेसीडेंट इंजीनियर, सीवरेज प्रोजेक्ट

Advertisement