राजस्थान-बिहार में तेज ठंड, UP में शीतलहर की चेतावनी

राजस्थान-बिहार में तेज ठंड, UP में शीतलहर की चेतावनी

उत्तर भारत के लगभग सभी राज्य कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और बिहार में आज कोल्ड वेव का अलर्ट है। यहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3º से 6º के बीच रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के हिसार में पारा 2.7º पहुंचा। इसके अलावा इन राज्यों में शीतलहर भी चली, जिससे ठिठुरन बढ़ी।

उधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में सीवियर कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। इन शहरों में न्यूनतम तापमान बीते कई दिनों से 7º के आसपास बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। इससे ठंड और ठिठुरन से राहत मिलने की उम्मीद है।

देश के 15 राज्यों की दिन की शुरुआत आज भी कोहरे के साथ हुई। पंजाब, हरियाणा, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और नॉर्थ ईस्ट के 7 राज्यों में कोहरे के चलते विजिबिलिटी प्रभावित हुई। दिल्ली में घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकीं। इससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

दक्षिण के राज्यों में कोल्ड वेव या कोल्ड डे का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, तमिलनाडु के कुछ इलाकों में सर्दी का असर देखने को मिला है। ऊटी में शनिवार सुबह तापमान 2.5 डिग्री पहुंच गया। वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अलावा आज किसी और राज्य में बारिश की संभावना नहीं है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

  • प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, राजस्थान में सीवियर कोल्ड की स्थिति बनी रहेगी। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बर्फबारी भी हो सकती है।
  • पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में घना कोहरा छाए रहेगा।
  • अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।

Advertisement