MP-राजस्थान समेत उत्तर भारत के राज्यों में कड़ाके की ठंड कम नहीं हो रही है। सर्द हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। कल का दिन (21 जनवरी) भोपाल में सीजन का सबसे ठंडा दिन था। यहां पारा 7.4º रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजस्थान के दौसा और बिहार के बांका में भी तापमान 6º तक गिरा। इससे आज (22 जनवरी) की दिन की शुरुआत ठिठुरन भरी हुई।
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा में आज कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सीवियर कोल्ड और बिहार-दिल्ली कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बर्फ की परत भी देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा दक्षिण भारत को छोड़कर लगभग सभी जगह घना कोहरा देखने को मिला। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और नॉर्थ ईस्ट के 4 राज्यों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी पर फर्क पड़ा है। आज सुबह उत्तर प्रदेश के वाराणसी और बिहार के गया में 25 मीटर से ज्यादा दूर देखना बेहद मुश्किल हो रहा था। वहीं, दिल्ली में कोहरे के कारण फ्लाइट्स और ट्रेनों का लेट होने का सिलसिला भी जारी रहा।
दक्षिण भारत के राज्यों में फिलहाल न कोल्ड वेव और न ही कोहरे की स्थिति देखने को मिल रही हैं। हालांकि, कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट जरूर जारी किया गया है। कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में आज हल्की बरसात हो सकती है। इसके अलावा महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
- सर्दी: भारतीय मौसम विभाग और प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर भारत और मध्य भारत के राज्यों में ठंड का असर बरकरार रहेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में शीत लहर से लेकर सीवियर शीत लहर की स्थिति बन सकती है।
- कोहरा: स्काईमेट के मुताबिक, कोहरे और विजिबिलिटी की स्थिति भी देश के बड़े राज्यों में बरकरार रहेगी। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कल (23 जनवरी) के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
- बारिश: अगले 24 घंटे में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र के विदर्भ, पश्चिम बंगाल और केरल में हल्की बारिश हो सकती है।











