UP-बिहार में आज सीवियर कोल्ड का अलर्ट राजस्थान समेत 8 राज्यों में घना कोहरा

UP-बिहार में आज सीवियर कोल्ड का अलर्ट राजस्थान समेत 8 राज्यों में घना कोहरा

उत्तर भारत के राज्यों में कड़ाके की सर्दी का असर लगातार जारी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज बर्फबारी की संभावना है। वहीं, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए आज सीवियर कोल्ड का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कल (29 जनवरी) न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया था।

उत्तर भारत और मध्य भारत के 8 राज्यों में आज सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और ओडिशा में कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई। कल (29 जनवरी) भी इन राज्यों में घना कोहरा था। दिल्ली में कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकी थीं।

इसके अलावा आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश: लखनऊ-वाराणसी में घना कोहरा; विजिबिलिटी 200 मीटर:12 शहरों में फॉग और 4 जिलों में कोल्ड-डे अलर्ट

यूपी में कड़ाके की ठंड से राहत मिलना शुरू हो गई। हालांकि, ठंडी हवाएं अभी चल रही हैं। सोमवार सुबह से लखनऊ-वाराणसी में समेत कोहरा छाया हुआ है। यहां विजिबिलिटी 200 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने 12 जिलों में घने कोहरे और 4 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बुधवार को पश्चिमी यूपी के 21 जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। 

मध्यप्रदेश: ग्वालियर-पचमढ़ी ही ठंडे, बाकी शहरों में टेम्प्रेचर 25° पार; MP में 5 दिन में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होंगे

वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से मध्यप्रदेश में बादल छा रहे हैं। सोमवार को भी भोपाल समेत कई शहरों में बादल रहे। इस कारण सिर्फ ग्वालियर-पचमढ़ी ही ठंडे रहे। बाकी शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री के पार रहा।

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 5 दिन में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस आएंगे। इससे 5 फरवरी तक प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, बारिश नहीं होगी। दिन-रात में तेज सर्दी से जरूर राहत मिलेगी। 

हरियाणा-पंजाब: राज्यों में छाई घनी धुंध, जीरो से 10 मीटर विजिबिलिटी; आज बारिश की संभावना

हरियाणा और पंजाब में मंगलवार सुबह घनी धुंध छाई। जिससे पानीपत और बठिंडा समेत अन्य जगह विजिबिलिटी जीरो से 10 मीटर तक रही। वहीं आज से पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) एक्टिव हो रहा है। जिसके चलते पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगला एक हफ्ते तक बारिश होने की संभावना है।

पंजाब के 6 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। जिसमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर और खरड़ शामिल हैं। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। चंडीगढ़ के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यहां सुबह हल्की धुंध छा सकती है। 

छत्तीसगढ़: चढ़ने लगा पारा, कम हुई ठंड; 48 घंटे में 2 डिग्री और बढ़ेगा न्यूनतम तापमान

छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दी है। पिछले 2 दिन में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही रात में ठंड कम हुई है। अगले 48 घंटे में पारा 2 डिग्री और ऊपर जाने की संभावना है। हालांकि अभी सुबह की धुंध से राहत नहीं मिली है। 

​​​​​​मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें

  • ट्रैफिक - कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
  • हेल्थ - जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।

Advertisement