सहारनपुर हत्याकांड में कई खुलासे, संग्रह अमीन के पिता की रिटायरमेंट से 6 दिन पहले हुई थी संदिग्ध मौत!
सहारनपुर: कौशिक विहार कॉलोनी में सोमवार की रात को संग्रह अमीन अशोक राठी ने अपनी मां विद्यावती, पत्नी अंजिता और दो बेटों कार्तिक व देव की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस की जांच में सामने आया कि अशोक राठी काफी समय से अवसाद में था। एक साल पहले भी उसने पूरे परिवार को नींद की गोलियां देकर मारने की कोशिश की थी। हालांकि उस समय सभी सकुशल बच गए थे। यह भी बताया जा रहा है कि कोरोना काल में भी अशोक ने सुसाइड करने की कोशिश की थी।
मौके पर पहुंचे अंजिता के भाई राहुल ने बताया कि शवों को देखकर लग रहा है कि गोली मारने से पहले उन्हें नींद या नशीली गोलियां दी गई होंगी, क्योंकि सभी अपने बिस्तर पर थे और हाथापाई के कोई निशान नहीं थे। एक साल पहले हुई घटना से सभी सतर्क रहते थे।











