जहर खाकर बेटे को भेजी लाइव लोकेशन, मैसेज किया बचूंगा नहीं, माफ करना
Updated on
05 Sep 2023, 01:16 PM
भोपाल। कोलार थाना इलाके में एक व्यक्ति ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। घटना रविवार शाम की है। मरने से पहले उसने अहमदाबाद में रह रहे अपने बेटे को अपनी लाइव लोकेशन भेजी और वाट्सएप पर मैसेज भेजा। उसमें लिखा कि जहर खा लिया है। बचूंगा नहीं। माफ करना। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक को आनलाइन सट्टा खेलने की आदत थी। साथ ही वह नशा भी करता था।
पार्क में पहुंचकर खाया जहर
कोलार थाने के एसआइ प्रमोद गौतम के मुताबिक प्रियंका नगर निवासी 52 वर्षीय राजीव वाष्णेय एक निजी फर्म में काम करते थे। परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और पुत्री है। उनका बेटा विनायक अहमदाबाद में नौकरी करता है। रविवार शाम करीब छह बजे राजीव 80 फीट रोड स्थित हिमालय अस्पताल के पास पहुंचे थे। वहां मंदिर के पास बने पार्क में पहुंचकर उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद अपने मोबाइल से अपनी लाइव लोकेशन भेजते हुए बेटे को वाट्सएप के माध्यम से जहर खाने की सूचना भेजी।
बेटा अहमदाबाद में, पत्नी-बेटी बुटिक पर
बेटे ने तुरंत अपनी मां और बहन को घटना के बारे में बताया। उस समय मां-बेटी अरेरा कालोनी में एक कार्यक्रम में लगाए गए अपने फूड-बुटिक के स्टाल पर थीं। बदहवास हालत में दोनों मौके पर पहुंचीं और राजीव को लेकर जेके अस्पताल पहुंची। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ में स्वजन ने पुलिस को बताया कि राजीव को नशा करने के अलावा आनलाइन सट्टा खेलने की लत थी। इस वजह से वह नौकरी से मिली राशि उसी में खर्च कर देते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।