शेयर बाजार ने आज यानी शुक्रवार (8 दिसंबर) को फिर नया ऑलटाइम हाई बनाया है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 69,888 के स्तर को छुआ, वहीं निफ्टी 21,006.10 के लेवल पर पहुंच गया। इससे पहले सेंसेक्स का ऑलटाइम हाई 69,744.62 था, जो उसने 6 दिसंबर को बनाया था। वहीं निफ्टी का ऑलटाइम हाई 20,961.95 था। ये भी उसने 6 दिसंबर को ही बनाया था।
अभी सेंसेक्स करीब 147 अंक चढ़कर 69,669 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 22 अंकों से ज्यादा की तेजी है, ये 20,923 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में तेजी और 14 में गिरावट नजर आ रही है। सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में JSW स्टील और HCL टेक है। गिरावट वाले शेयरों में M&M, टाटा मोटर्स, एयरटेल और बजाज फाइनेंस है।
निफ्टी-50 के 20 शेयरों में तेजी, 30 में गिरावट
HCL टेक, LTI माइंड-ट्री, JSW स्टील, LT, HDFC बैंक, टाइटन और इंफोसिस समेत निफ्टी-50 के 20 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। वहीं अडाणी पोर्ट्स, अडाणी एंटरप्राइजेज, हीरो मोटकॉर्प, डिविस लैब, M&M, BPCL, सिप्ला और ONGC समेत निफ्टी के 30 शेयरों में गिरावट है।
बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेस और IT सेक्टर में तेजी
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेस, IT, मीडिया और प्राइवेट बैंक सेक्टरों में तेजी देखने को मिल रही है। वहीं ऑटो, FMCG, मेटल, फार्मा, PSU बैंक और रियल्टी सेक्टरों में गिरावट है।
कल 132 अंक गिरकर बंद हुआ था सेंसेक्स
शेयर बाजार में कल यानी गुरुवार (7 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 132 अंक गिरावट के साथ 69,521 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 36 अंक की गिरावट रही, यह 20,901 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में गिरावट और 13 में तेजी देखने को मिली। पेटीएम का शेयर 18.74% टूट कर 660.70 पर बंद हुआ था।











