सेंसेक्स ने 69,381 का स्तर छुआ, निफ्टी भी 20,849 पर पहुंचा; अडाणी ग्रुप के सभी शेयर्स में तेजी

सेंसेक्स ने 69,381 का स्तर छुआ, निफ्टी भी 20,849 पर पहुंचा; अडाणी ग्रुप के सभी शेयर्स में तेजी

शेयर बाजार ने आज यानी मंगलवार (5 दिसंबर) को नया रिकॉर्ड हाई बनाया है। सेंसेक्स ने आज कारोबार के दौरान 69,381.31 का स्तर छुआ, तो वहीं निफ्टी ने भी 20,849.40 का हाई बनाया। इससे पहले सेंसेक्स 303 अंकों की बढ़त के साथ 69,168.53 पर खुला। वहीं निफ्टी भी 124 अंकों की बढ़त रही, ये 20,808 पर ओपन हुआ।

कल यानी सोमवार (4 दिसंबर) को शेयर बाजार ने नया रिकॉर्ड हाई बनाया था। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में तेजी और 10 में गिरावट देखने को मिल रही है। आज बैंकिंग शेयर्स में बढ़त दिख रही है। अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में भी तेजी है।

बाजार में मजबूती के 2 बड़े कारण:

  • 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में से 3 में BJP को बहुमत।
  • दूसरी तिमाही में GDP 7.6% पर पहुंची, यह RBI के अनुमान 6.5% से 1.1% ज्यादा।

अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 9% की तेजी
अमेरिकी सरकार की जांच एजेंसी ने अडाणी ग्रुप की कंपनी पर शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की ओर से लगाए गए आरोपों को 'बेतुका' बताया है। US की सरकार ने अडाणी ग्रुप को क्लीन चिट दी है। आज के कारोबार में अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी है। सुबह 11 बजे अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 9% तेजी रही। वहीं अडाणी ग्रीन एनर्जी, अडाणी पोर्ट और अडाणी पावर के शेयर में भी 5% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली।

एक्सपर्ट बोले- शेयर मार्केट सालाना 20% बढ़ेगा
मॉर्गन स्टेनली इंडिया के एमडी रिधम देसाई बताते हैं कि अगले 4 साल शेयर बाजार में सालाना 20% उछाल का अनुमान है। जीडीपी में लिस्टेड कंपनियों के मुनाफे की हिस्सेदारी बढ़कर 10-11% पहुंच सकती है, जो अभी 5-8% है। इसके पीछे निवेश बढ़ना, सरकारी खर्चों में बढ़ोतरी, बचत में सुधार, अंतरराष्ट्रीय व्यापार में इजाफा और कंपनियों का शानदार लाभांश कारण हैं।

2022-23 में सोनी इंडिया को 137 करोड़ मुनाफा
दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सोनी इंडिया ने अप्रैल में खत्म वित्त वर्ष 2022-23 में 136.7 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया। ये 2021-22 में हुए मुनाफे से 31.8% ज्यादा है। बीते वित्त वर्ष में कंपनी की आय भी 23% बढ़कर 6,353.74 करोड़ हो गई।

कल शेयर बाजार ने बनाया था ऑल टाइम हाई
इससे पहले कल यानी सोमवार (4 दिसंबर) को शेयर बाजार ने नया रिकॉर्ड हाई बनाया था। सेंसेक्स ने 68,918.22 का ऑल टाइम हाई बनाया था, तो वहीं निफ्टी ने भी 20,702.65 का हाई बनाया था।

इसके बाद सेंसेक्स 1384 पॉइंट या 2.05% बढ़कर 68,865 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में 416.95 अंक या 2.06% की तेजी रही, यह 20,684 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में तेजी और 4 में गिरावट रही थी।


Advertisement