शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (21 दिसंबर) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 70,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 90 अंक से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। यह 21,250 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में तेजी और 12 में गिरावट देखने को मिल रही है।
इससे पहले सेंसेक्स 414 अंक की गिरावट के साथ 69,920 के स्तर पर ओपन हुआ। वहीं निफ्टी में भी 117 अंक की गिरावट रही। यह 21,033 के स्तर पर खुला। आज inoxCVA के शेयर की मार्केट में अच्छी लिस्टिंग हुई है। इसका शेयर मार्केट में 44% प्रीमियम के साथ 949 रुपए पर लिस्ट हुआ। 14 से 18 दिसंबर के बीच खुले इस IPO में शेयर का बेस प्राइस 660 रुपए रखा गया था।
आज इनोवा कैपटैब लिमिटेड का IPO हुआ ओपन
इनोवा कैपटैब लिमिटेड का IPO 21 दिसंबर को खुल चुका है, जो 26 दिसंबर को बंद होगा। 29 दिसंबर को स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होगा। इश्यू का प्राइस बैंड ₹426-₹448 है। ₹570 करोड़ जुटाने के लिए कंपनी ये IPO लाई है। 2005 में बनी कंपनी इनोवा कैपटैब लिमिटेड एक फार्मास्युटिकल कंपनी है।
कल बाजार में रही बड़ी गिरावट
शेयर बाजार में बुधवार (20 दिसंबर) को करीब 1.50% की गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 930 की गिरावट के साथ 70,506 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 302 अंक की गिरावट रही। यह 21,150 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में गिरावट देखने को मिली थी। कल बाजार बंद होने से पहले कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 71,913.07 और निफ्टी ने 21,593.00 का स्तर छुआ था।











