सेंसेक्स 1200 अंक चढ़कर 68 हजार के पार निकला, निफ्टी में भी 380 अंकों की तेजी

सेंसेक्स 1200 अंक चढ़कर 68 हजार के पार निकला, निफ्टी में भी 380 अंकों की तेजी

शेयर बाजार आज, यानी सोमवार 4 दिसंबर को नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। सेंसेक्स ने 68,763.07 का ऑल टाइम हाई बनाया, तो वहीं निफ्टी ने भी 20,656.40 का हाई बनाया है।

इससे पहले सेंसेक्स का ऑल टाइम हाई 67,927 था, जो 15 सितंबर को बना था। वहीं निफ्टी का ऑल टाइम हाई 20,272.75 था जो उसने शुक्रवार 1 दिसंबर के कारोबार में बनाया था। अभी सेंसेक्स में करीब 1200 अंक और निफ्टी में 380 अंकों की तेजी है।

बाजार में मजबूती के 3 बड़े कारण:

  • 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में से 3 में BJP को बहुमत।
  • दूसरी तिमाही में GDP 7.6% पर पहुंची, यह RBI के अनुमान 6.5% से 1.1% ज्यादा।
  • अमेरिकी बाजार शुक्रवार को जोरदार तेजी पर बंद हुए। एशियाई बाजारों में भी तेजी।
  • मार्केट कैप 4.09 लाख करोड़ रुपए बढ़ा
    शुरुआती कारोबार में बाजार में आई इस तेजी के बाद BSE पर लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैप 4.09 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 341.76 लाख करोड़ रुपए हो गया। विश्लेषकों ने कहा कि 3 दिसंबर को घोषित राज्य विधानसभा चुनाव नतीजे बाजार के लिए सकारात्मक हैं।

    अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी
    सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 में तेजी है। केवल नेस्ले, मारुति और सनफार्मा के शेयर में गिरावट देखी जा रही है। वहीं अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी है। अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 6% से ज्यादा चढ़कर कारोबार कर रहा है।

  • अमेरिकी बाजार में भी रही थी तेजी
    अमेरिकी बाजार शुक्रवार को जोरदार तेजी पर बंद हुए थे। डाऊ जोन्स में 295 अंकों की बढ़त रही और यह 36,245.50 के लेवल पर बंद हुआ था। नैस्डैक कंपोजिट में 79 अंकों की तेजी रही और यह 14,305.03 के लेवल पर बंद हुआ।

    FII और DII डेटा
    नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रोविजनल डाटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII ने 1 दिसंबर को 1,589.61 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII ने 1,448.08 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

    शुक्रवार को निफ्टी ने बनाया था नया हाई
    इससे पहले शुक्रवार यानी 1 दिसंबर को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 492.75 अंक चढ़कर 67,481.19 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 134.75 अंक की बढ़त रही, यह 20,267.90 के स्तर पर बंद हुआ था। यह निफ्टी का नया क्लोजिंग हाई है।

    वहीं कारोबार के दौरान निफ्टी अपने ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया था, इसने 20,272.75 के स्तर को छुआ। इससे पहले निफ्टी का ऑलटाइम हाई 20,222.45 था, जो उसने 15 सिंतबर को बनाया था। सेंसेक्स का ऑलटाइम हाई 67,927 है, ये भी 15 सितंबर को ही बना था।

Advertisement