शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (4 जनवरी) को बढ़त देखने को मिली है। सेंसेक्स 490 अंक की तेजी के साथ 71,847 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 141 अंक की बढ़त रही। ये 21,658 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में गिरावट और 12 में तेजी देखने को मिली। पावर और मेटल के शेयर्स में ज्यादा तेजी है।
जियो फाइनेंशियल ने म्यूचुअल फंड बिजनेस लॉन्च करने की मंजूरी मांगी
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और ब्लैकरॉक फाइनेंशियल मैनेजमेंट ने मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास भारत में म्यूचुअल फंड कारोबार लॉन्च करने की मंजूरी मांगी है। दोनों कंपनियों ने 19 अक्टूबर 2023 को जॉइंट वेंचर के तौर पर सेबी से मंजूरी मांगी थी।
म्यूचुअल फंड कारोबार के लिए सेबी के पास अपडेटेड लिस्ट से इसकी जानकारी मिली है। सेबी फिलहाल इस जॉइंट वेंचर को भारत में म्यूचुअल फंड कारोबार के लिए सैद्धांतिक मंजूरी देने पर विचार भी कर रहा है।
LIC को GST का एक और नोटिस
LIC को GST विभाग से 667 करोड़ रुपए का एक और डिमांड नोटिस मिला। कंपनी ने कहा नोटिस के खिलाफ अपील करेगी । वहीं LTI माइंडट्री को भी 200 करोड़ का GST नोटिस मिला है। इससे पहले भी LIC को हाल ही में 806 करोड़ रुपए का GST नोटिस महाराष्ट्र से मिला था।
कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी 3 जनवरी को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 535 अंक की गिरावट के साथ 71,356 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 148 अंक की गिरावट रही। ये 21,517 के स्तर पर बंद हुआ था। IT और मेटल के शेयर्स में आज ज्यादा गिरावट रही। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में गिरावट और 10 में तेजी देखने को मिली थी।











