दिल्ली में दो भाइयों की हत्या से बक्सर में सनसनी, रिश्तेदारों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप

दिल्ली में दो भाइयों की हत्या से बक्सर में सनसनी, रिश्तेदारों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप
बक्सर : ब्रह्मपुर के महुआर पंचायत के चंद्रपुरा गांव के दो सगे भाइयों की दिल्ली में गला रेत कर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। सूत्रों की मानें तो इस घटना को उसके रिश्तेदारों ने ही अंजाम दिया है। दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार भी कर चुकी है। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में मृतक के परिजन बक्सर से दिल्ली के लिए रवाना हुए। मृतक चंद्रपुरा के बबन यादव के बेटे राजेश यादव (36) और रंजन यादव (32) हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

बक्सर के भाइयों की दिल्ली में हत्या

बताया जा रहा है कि दिल्ली के यश बैंक में राजेश यादव मैनेजर थे, जबकि उनका छोटा भाई भी वहीं पर किसी कंपनी में जॉब करता था। गुरुवार की रात किसी ने दोनों भाइयों की गला रेत कर उन्हें मौत की नींद सुला दी। जानकारों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।

दूसरी पत्नी के भाई पर मर्डर का आरोप


अब तक मिली जानकारी के अनुसार राजेश यादव ने दो शादियां की थी। हत्या का आरोप दूसरी पत्नी के भाई पर ही लग रहा है। बहरहाल, अभी स्थानीय पुलिस भी इस मामले में कुछ बताने से इंकार कर रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में जहां कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

दिल्ली में मर्डर से बक्सर में कोहराम

जानकारों का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन दिल्ली गए हैं। वहां से शव लेकर लौटेंगे उसके बाद ही विशेष जानकारी मिल सकती है। वैसे, इस घटना की क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा होते रही। घटना की जानकारी जैसे ही परिवार वालों को मिली कोहराम मच गया। परिजनों की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। आपसी विवाद में घटना को अंजाम देने की बात बताई जा रही है।
Advertisement