शहीद भवन में देखें कथक के रंग, जनजातीय संग्रहालय में उठाएं लोक गीत-संगीत का आनंद

शहीद भवन में देखें कथक के रंग, जनजातीय संग्रहालय में उठाएं लोक गीत-संगीत का आनंद

भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्‍कृतिक, सामाजिक, कलात्‍मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। शनिवार 02 सितंबर को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में 'माह का प्रादर्श' श्रंखला के तहत सितंबर माह के प्रादर्श के रूप में जिला मधुबनी, बिहार के लोक समुदाय से संकलित मिथिलांचल क्षेत्र में प्रचलित तांबे के अनुष्ठानिक पात्र 'कलशा' को दर्शकों के अवलोकनार्थ प्रस्तुत किया गया है। आप इसे सुबह दस बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक देख सकते हैं।

विज्ञान संवाद कार्यक्रम - आंचलिक विज्ञान केंद्र में आदित्य एल-वन लांचिंग की लाइव स्ट्रिमिंग और सूर्य को लेकर संवाद कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे से किया जा रहा है। इस मौके पर विशेषज्ञ स्कूली बच्चों समेत अन्य जिज्ञासुओं से संवाद करेंगे।

सूट कलेक्शन प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम की ओर से मृगनयनी एम्पोरियम, जीटीबी काम्पलेक्स में सूट कलेक्शन प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। पांच सितंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में प्रदेश के ख्यात शिल्पकार और बुनकर भी मौजूद रहते हैं। समय सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक है।

दुष्यंत जयंती समारोह - दुष्यंत कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय दुष्यंत जयंती समारोह के दूसरे दिन दुष्यंत कुमार पर केंद्रित फिल्म दिखाई जाएगी। इस मौके पर संग्रहालय के स्मृति सम्मानों की घोषणा भी की जाएगी। समय दोपहर 12 बजे से है।

चारबैत कार्यशाला - मप्र उर्दू अकादमी, संस्कृति परिषद एवं संस्कृति विभाग द्वारा अंश हैप्पीनेस सोसायटी के सहयोग से महिला कलाकारों के लिए 15 दिवसीय चारबैत कार्यशाला चल रही है। कार्यशाला में उस्ताद मुख्तार द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

लोक गीत-संगीत कार्यक्रम - मप्र जनजातीय संग्रहालय में सम्वेग के समापन दिवस पर दोपहर दो बजे से विमुक्तों के व्यंजन और शिल्पों का विक्रय और शाम 6.30 बजे से गंगाराम भोपा, जोधपुर द्वारा भोपा गायन, सुरमनाथ कालबेलिया, जोधपुर द्वारा कालबेलिया नृत्य और देवकीराम पटेल एवं साथी, सागर द्वारा राई नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

कथक के रंग - शहीद भवन में आज राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान मंच द्वारा सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सम्मान, नृत्य, देशभक्ति गीत-संगीत की प्रस्तुतियां होगी। कार्यक्रम कथक के रंग में नायिकाओं द्वारा सावन में गाए जाने वाले गीत, कजरी, दादरा, मेघ मल्हार, झूला हिंडोला की प्रस्तुति दी जाएगी। इस नृत्य का संयोजन अमिता खरे द्वारा किया गया है। महोत्सव शाम छह बजे आयोजित किया जाएगा। दर्शकों के लिए प्रवेश निश्शुल्क है।

हिंडोला उत्सव - पुराने शहर के लखेरापुरा में स्थित श्रीजी मंदिर में हिंडोला महोत्सव का समापन किया जाएगा। समय : शाम 6:30 बजे।

आदरांजलि समारोह - भारत भवन में एक से तीन सितंबर तक बव कारंत स्मृति समारोह आदरांजलि का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में शनिवार को दूसरे दिन शाम सात बजे बव कारंत द्वारा निर्देशित कन्नड़ फिल्म चौमुनदुड़ी का प्रदर्शन किया जाएगा। रंगमंडल की यात्रा पर आधारित रंग कला प्रदर्शनी आयाम भी खास है।
Advertisement