रवींद्र भवन में वाल आर्ट फेस्टिवल का दूसरा दिन, शौर्य स्मारक में सैन्य फिल्म का प्रदर्शन

रवींद्र भवन में वाल आर्ट फेस्टिवल का दूसरा दिन, शौर्य स्मारक में सैन्य फिल्म का प्रदर्शन

भोपाल। शहर में सामाजिक, सांस्‍कृतिक, कलात्‍मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। मंगलवार 17 अक्टूबर को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

वाल आर्ट फेस्टिवल - मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग एवं पर्यटन विभाग के सहयोग से आलियांज फ्रांसेस द भोपाल द्वारा रवींद्र भवन में चार दिवसीय वाल आर्ट फेस्टिवल—3 का आयोजन 16 से 19 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इसमें कलाकार मिलेरिंग रचनाकर्म कर रही हैं। फेस्टिवल का समय सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक है।

किताब उत्सव - राजकमल किताब उत्सव का आयोजन हिंदी भवन स्थित दो सभागारों में हो रहा है। श्रीनरेश मेहता कक्ष में पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई है और महादेवी वर्मा कक्ष में विभिन्न साहित्यिक परिचर्चाएं हो रही हैं। आज शाम चार बजे कैद बाहर उपन्यास पर गीताश्री से और भवभूति कथा पर महेश कटारे से बातचीत होगी। वहीं पुस्तक प्रदर्शनी का समय सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक है।

चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय के चित्रकार सचिन तेकाम के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 42वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी अक्टूबर माह के अंत तक रहेगी। इसे दोपहर 12 बजे से शाम आठ बजे तक देखा जा सकता है।

चरखा प्रदर्शनी - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में देश के विभिन्न हिस्सों से संकलित पारम्परिक चरखों पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। शैलकला प्रदर्शनी भवन में भारत की सांस्कृतिक एकता और उद्यमिता का प्रतीक 'चरखा' विशेष प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है।

जरी जरदोजी पोशाक प्रदर्शनी - मृगनयनी कबीरा, खादी एम्पोरियम जवाहर चौक में जरी जरदोजी पोशाक प्रदर्शनी का आयोजन मप्र हस्तशिल्प और हाथकरघा निगम की ओर से किया जा रहा है। समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से राज आठ बजे तक है।

श्रीमद्भागवत कथा - शिव-कालका मंदिर गोविंदपुरा किरण नगर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। समय : शाम चार बजे।

सैन्य फिल्म प्रदर्शन - शौर्य स्मारक के मुक्ताकाश मंच पर शाम पांच बजे से सैन्य फिल्म 'कैप्टन महेंद्र नाथ मुल्ला' का प्रदर्शन किया जाएगा। यह फिल्म कैप्टन मुल्ला के आत्मोत्सर्ग पर श्रद्धांजलि स्वरूप है। फिल्म्स डिवीजन आफ इंडिया द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण शांति वर्मा तथा निर्देशन बी खोसला ने किया है।
Advertisement