'इंडिया' में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तीन हफ्ते में... लालू यादव ने बताया- बैठक से नीतीश संग चुपचाप क्यों निकले

'इंडिया' में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तीन हफ्ते में... लालू यादव ने बताया- बैठक से नीतीश संग चुपचाप क्यों निकले
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को नई दिल्ली में हुई 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में शामिल हुए थे। इस बैठक के बाद खबरें सामने आईं कि नीतीश कुमार नाराज हैं। अब नीतीश की नाराजगी वाली खबरों को राजद प्रमुख लालू यादव ने बेतुका करार दिया। लालू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार किसी से भी नाराज नहीं हैं। लालू यादव यादव ने स्पष्ट किया कि मीडिया में ऐसी झूठी खबरें चल रही थीं, जिनमें उनके और नीतीश कुमार के बीच दरार की बात कही जा रही थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे एकजुट हैं और बिहार में मिलकर काम करेंगे।

सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तीन हफ्ते के अंदर फाइनल: लालू

लालू यादव ने आगे बताया कि इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी लोग शामिल नहीं थे, केवल वे लोग ही मौजूद थे, जो मीडिया के सामने बोलना चाहते थे। उन्होंने मीडिया को आश्वस्त किया कि इंडिया गठबंधन की बैठक सकारात्मक रूप से संपन्न हुई, जिसमें सभी सदस्यों के बीच एकता दिखी। राजद सुप्रीमो लालू ने यह भी बताया कि सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तीन हफ्ते के अंदर फाइनल कर लिया जाएगा। वे सब मिलकर बीजेपी के खिलाफ 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

लालू और नीतीश के मनमुटाव का तेजस्वी ने किया खंडन

लालू यादव ने पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। इधर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी लालू और नीतीश के मनमुटाव को लेकर मीडिया में आई खबरों का खंडन किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके पिता के बीच खराब संबंध नहीं हैं। दोनों लोग जानते हैं कि बिहार और देश की भलाई किसमें है। बता दें, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के वक्त दोनों नीतीश-लालू में से कोई भी वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद नाराजगी की खबरें चलने लगी थीं।

मीडिया का एक वर्ग एक एजेंडे पर काम करता है: तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि 'बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। यह एक सामूहिक निर्णय था कि केवल एक नेता संवाददाता सम्मेलन में बोलेगा। मीडिया का एक वर्ग एक एजेंडे पर काम करता है। उनकी विश्वसनीयता खो रही है और उनका मज़ाक उड़ाया जा रहा है।'

Advertisement