भोपाल। राजधानी के सूखी सेवनिया इलाके में जमीन के विवाद में सरपंच पति अपने साथियों के साथ मिलकर कोटवार को अगवा कर लिया। बाद में मारपीट कर उसे छोड़ दिया। घटना रविवार रात की है। शिकायत मिलने के बाद सूखी सेवनिया पुलिस ने गाली-गलौज, मारपीट, अपहरण और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।
तार फेंसिंग से रोकने पर हुआ विवाद
सूखी सेवनिया पुलिस के मुताबिक कोटवार रामस्वरूप अहिरवार को रविवार रात पटवारी ने जमीन से जुड़ी एक सूचना दी थी। सूचना मिलते ही रामस्वरूप बताई गई जगह पर पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने देखा कि एक जमीन पर सरपंच पति शेरू मीना तार फेंसिंग का काम करा रहा है। रामस्वरूप ने ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
कोटवार को जबरन जीप में बिठाया, की मारपीट
सूत्रों ने बताया कि सरपंच पति सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहा था और कोटवार ऐसा करने से मना कर रहा था। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, तो शेरू के साथी तुषार, अभिषेक, लेखराज, सज्जू, दीपक व परवेज वहां पर आ गए। सभी ने मिलकर जबरन कोटवार को अपनी गाड़ी में बैठा लिया तथा विदिशा रोड पर ले जाकर मारपीट की। मारपीट व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के बाद उन्होंने उसे छोड़ दिया। देर रात रामस्वरूप थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी एक शिकायत की गई है, जिसको पुलिस ने असंज्ञेय अपराध के रूप में दर्ज किया है।











