उज्जैन के माकड़ोन में गुरुवार सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति उखाड़कर तोड़फोड़ करने पर हुआ। एक पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर मूर्ति गिरा दी। फिर रॉड और पत्थर मारकर मूर्ति में तोड़फोड़ की। इससे दूसरा पक्ष नाराज हो गया।
दोनों पक्षों में पथराव और लाठियां चलीं। उग्र भीड़ ने कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर दी। कुछ गाड़ियों में आग लगा दी। कई दुकानों में भी पथराव किया गया है। पथराव में सब इंस्पेक्टर लालचंद शर्मा घायल हुए हैं। कुछ और लोगों को भी चोट आई हैं।
माकड़ोन के अलावा उज्जैन और तराना से भी भारी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। लाठीचार्ज कर उग्र भीड़ को खदेड़ा। बवाल के बाद माकड़ोन के TI भीम सिंह देवड़ा को निलंबित कर दिया गया है।एहतियातन मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है।
बुधवार रात असामाजिक तत्वों ने स्थापित की थी मूर्ति
माकड़ोन मंडी गेट और बस स्टैंड के पास जमीन खाली पड़ी है। भीम आर्मी चाहती है कि यहां डॉ. आंबेडकर की मूर्ति लगाई जाए। जबकि, पाटीदार समाज के लोग सरदार पटेल की मूर्ति लगाने की मांग करते आ रहे हैं। मामला पंचायत में विचाराधीन है। बुधवार रात असामाजिक तत्वों ने इस जमीन पर सरदार पटेल की मूर्ति स्थापित कर दी। दूसरे पक्ष के लोगों को इसका पता चला तो वे सुबह जमा हो गए और मूर्ति गिरा दी। इस बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
किसकी मूर्ति लगेगी, पालिका लेगी निर्णय, दोनों पक्ष सहमत
एडिशनल SP नीतेश भार्गव ने बताया कि हालात नियंत्रण में हैं। फिलहाल, असामाजिक तत्वों को समझाकर रवाना कर दिया है। जांच कर रहे हैं, जो एविडेंस निकलकर सामने आएंगे, उसके आधार पर लीगल एक्शन लेंगे। दोनों पक्षों से बात की है। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि मूर्ति लगाने के स्थान पर किसकी मूर्ति लगानी है, इसका फैसला नगर पालिका करेगी। माकड़ोन थाना प्रभारी को निलंबित किया
है। लापरवाही पाई जाती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
BJP ने की थी पटेल की मूर्ति लगाने की घोषणा
स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 2, 8 और 9 के बीच जमीन विवादित है। यहां आसपास डॉ. आंबेडकर को मानने वाले लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। वे चाहते हैं कि यहां डॉ. आंबेडकर की मूर्ति लगे। बीते दो चुनाव से BJP ने विवादित जगह पर सरदार पटेल की प्रतिमा लगाने की घोषणा की थी। नए बस स्टैंड का नाम डॉ. आंबेडकर रख दिया।











