अभिषेक घोसालकर हत्याकांड पर बरसे संजय राउत और आदित्य ठाकरे

अभिषेक घोसालकर हत्याकांड पर बरसे संजय राउत और आदित्य ठाकरे
मुंबई: शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के नेता अभिषेक घोसालकर की 'फेसबुक लाइव' के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच मुंबई अपराध शाखा को सौंप दी गई है। कथित एक स्थानीय 'सामाजिक कार्यकर्ता' मॉरिस भाई ने अभिषेक की गोली मारकर हत्या करने के बाद गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अभिषेक (40), पूर्व विधायक विनोद घोसालकर के बेटे और पूर्व पार्षद थे। विनोद को उद्धव ठाकरे का वफादार भी बताया जाता है। अभिषेक की हत्या के बाद महाराष्ट्र में सियासत भी तेज हो गई है। आदित्य ठाकरे, संजय राउत समेत कई नेताओं ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। संजय राउत ने सरकार को धमकी दी है कि जो करना हो कर लो, हम चुप नहीं बैठेंगे।

बोरीवली (पश्चिम) की आईसी कॉलोनी में स्थित मॉरिस नोरोन्हा (मौरिस भाई) के कार्यालय में कल शाम हुई इस घटना का एक विडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें हमलावर को अभिषेक के पेट और कंधे में गोली मारते हुए देखा और सुना जा सकता है।

क्राइम ब्रांच करेगी जांच

पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा की जांच कई पहलुओं पर केंद्रित होगी, जिसमें मॉरिस को हथियार कहां से मिला और उसे हथियार किसने मुहैया कराया। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त आरोपी शराब के नशे में तो नहीं था? इस सवाल का जवाब भी तलाशा जा रहा है। अभिषेक घोसालकर को जब गोली मारी गई तो उस वक्त वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

मुंबई में शिवसेना लीडर अभिषेक घोसालकर की हत्या, जानें लाइव गोली मारने वाले मॉरिस भाई के मन में क्या था

हर ऐंगल से होगी जांच

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि घोसालकर को चार गोलियां मारी गईं। अपराध के लिए मॉरिस ने अवैध पिस्तौल का इस्तेमाल किया और घटना को अंजाम देने के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि फेसबुक लाइव यह स्पष्ट करने के लिए था कि वे बोरीवली में आईसी कॉलोनी क्षेत्र की बेहतरी के लिए अपने आपसी विवाद को खत्म करके दोनों एक साथ आए हैं।

घटनास्थल पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच देर रात मुंबई अपराध शाखा को सौंप दी गयी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता और जांच के दायरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा की एक टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ अपराध स्थल का दौरा किया। बाद में जांच के सिलसिले में संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) लखमी गौतम और पुलिस उपायुक्त (अपराध) राज तिलक रोशन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि टीम ने जांच शुरू कर सबूत जुटाने की कोशिश में जुटी है।
Advertisement