भोपाल। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायसेन रोड स्थित एक मिठाई की दुकान का पंजीयन निलंबित कर दिया है। बुधवार शाम को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अचानक निरीक्षण के लिए गोविंद गार्डन रायसेन रोड स्थित कविता स्वीट्स पहुंचे थे। यहां गंदगी में समोसा-कचौड़ी जैसी खाद्य सामग्री बनाई जा रही थी। इस पर अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए दुकान का पंजीयन तुरंत निलंबित कर दिया है। साथ ही प्रतिष्ठान की फैक्ट्री-दुकान दोनों को सील कर दिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान प्रतिष्ठान से खाद्य कारोबार का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा ।
बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों व नमकीन के नमूने एकत्र किए गए। इस दौरान अरेरा कालोनी स्थित कुबेर डेरी से मावा पेड़ा, परमार डेरी से मावा रोल तथा बालूशाही, नेहरू नगर स्थित मधुर स्वीट्स से खोआ व आशा फूड जोन से मलाई बर्फी, मीनाल स्थित पैन डेरी से मलाई बड़ी और केसर पेड़ा, इंद्रपुरी स्थित श्याम डेरी से इलाइची बर्फी तथा केसर पेड़ा, नीलबड़ स्थित बालाजी सुपर बाजार से घी तथा पिस्ता, अयोध्या बायपास स्थित शंकर किराना से सोन पपड़ी और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। सभी को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।











