1543.16 करोड़ रुपए ​लाड़ली बहनों के बैंक खातों में ट्रांसफर:सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि भी खातों में डाली

1543.16 करोड़ रुपए ​लाड़ली बहनों के बैंक खातों में ट्रांसफर:सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि भी खातों में डाली

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को ग्राम नलवा में आयोजित कार्यक्रम से प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 26वीं किस्त के 1543.16 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को राखी से पहले 250-250 रुपए अलग से लाड़ली बहनों के खातों में आएंगे।

सीएम ने 56.74 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 340 करोड़ और 30 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रीफिलिंग के 46.34 करोड़ रुपए का भी सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर किया। शुरुआत में सीएम ने पुष्पवर्षा कर बहनों का स्वागत किया। उन्हें झूला भी झुलाया। कई महिला-युवतियों ने सीएम को राखी भी बांधी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कांग्रेस की तुलना बेशरम की झाड़ी से की। उन्होंने कहा कि हमने अभी तक प्रदेशभर में 5 लाख किमी तक सड़कें बनवाईं। अब टोले-मंजरे तक भी सड़क बनाने की योजना है। फिर भी सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेसी एकाध गांव पकड़कर पूछते हैं कि यहां सड़क क्यों नहीं है?

सीएम बोले कि बाबू छलनी पूछ रही है कि तेरे में छेद कितने हैं? पहले अपने गिनके देखो। कांग्रेसियों, तुमने इस प्रदेश का बट्टा बैठाने के अलावा किया ही क्या है? ये प्रदेश अगर परेशानी में है तो इस परेशानी की जड़ का नाम कांग्रेस है। कांग्रेस बेशरम की झाड़ी की तरह है। जैसे बेशरम गायब हुई है, यही हालत रही तो एक दिन कांग्रेस भी गायब हो जाएगी।

दिवाली बाद 1500 रु .देंगे सीएम ने कहा कि कि इस योजना के तहत प्रदेश की बहनों को अब तक 10 अरब से अधिक राशि जारी की जा चुकी हैं। दीपावली के बाद उनकी सरकार बहनों को 1500 रुपए देना शुरू करेगी और ये सिलसिला यहीं नहीं रूकेगा। वर्ष 2026-27 राशि बढ़ती जाएगी और चुनाव आते-आते 3 हजार रुपए महीना तक देने लगेंगे।


Advertisement