भोपाल। नगर निगम ने संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) के सीहोर नाका छोर पर बने गुलाब उद्यान को ग्राम बेहटा स्थित सुखधाम आश्रम से जोड़ने की तैयारी की है। यदि ऐसा हुआ तो झील के इस तटीय क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बरसों पुरानी कल्पना साकार हो जाएगी।
गार्डन में लगी है संत हिरदाराम की प्रतिमा
हाल ही में गुलाब उद्यान में मानव सेवा के प्रतीक संत हिरदाराम जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। किसी सार्वजनिक स्थान पर स्थापित संतजी की यह पहली प्रतिमा है। माना जा रहा है कि यहां प्रतिमा स्थापित होने से गुलाब उद्यान न केवल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा, बल्कि यह धार्मिक आस्था का केंद्र भी बन जाएगा। क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा की पहल पर नगर निगम ने गुलाब उद्यान को सुखधाम आश्रम से जोड़ने की पहल की है। यह आश्रम ग्राम बेहटा में है। इसकी स्थापना संत हिरदारामजी के शिष्य इंजीनियर लोकूमल आसवानी ने की थी। यह आश्रम भी आस्था का केंद्र है।
पर्यटन स्थल की कमी पूरी हो जाएगी
यदि यह योजना आकार लेती है तो बैरागढ़ में किसी एक इलाके को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बरसों पुरानी मांग पूरी हो जाएगी। किसी समय मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम ने बेहटा घाट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई थी, लेकिन प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने के कारण योजना अटक गई। अब यहां के नागरिकों को फिर से उम्मीद बंधी है। दरअसल गुलाब उद्यान के पीछे का इलाका ग्राम बेहटा की तरफ जाता है। हालांकि इसमें कुछ निर्माण भी बाधक बन सकते हैं, लेकिन प्रशासन चाहे इसका समाधान भी निकल सकता है। उल्लेखनीय है कि गुलाब उद्यान में गुलाब के सुंदर पौधों के अलावा अनेक प्रजातियों के पौधे भी रोपे गए हैं।











