बाजार में गिरावट के बीच रिलायंस ने लगाई छलांग, जानिए कहां तक जा सकती है कीमत!

बाजार में गिरावट के बीच रिलायंस ने लगाई छलांग, जानिए कहां तक जा सकती है कीमत!
नई दिल्ली: घरेलू शेयर मार्केट आज फिर गिरावट के साथ खुले लेकिन रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में काफी तेजी देखी जा रही है। देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने शुक्रवार को दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित किए थे। सितंबर तिमाही में कंपनी ने सभी मोर्चों पर दमदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान कंपनी के नेट प्रॉफिट में 27% तेजी आई है। इससे आज कंपनी के शेयरों में तेजी देखी जा रही है। पिछले सत्र में कंपनी का शेयर बीएसई पर 1.75 परसेंट तेजी के साथ 2265.25 रुपये पर बंद हुआ था और आज 2283.95 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में ही यह करीब 1.7 परसेंट तेजी के साथ 2310.10 रुपये तक उछल गया।

भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी रिलायंस ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद अपने नतीजे घोषित किए थे। आज इस पर बाजार में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिलेगी। इस बीच कंपनी के शानदार परफॉरमेंस को देखते हुए ब्रोकरेज ने रिलायंस के शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है। ग्लोबल ब्रोकरेज Macquarie ने रिलायंस के शेयर की रेटिंग अंडरपरफॉर्म से न्यूट्रल कर दी है। शुक्रवार को कंपनी का शेयर बीएसई पर 1.75 परसेंट तेजी के साथ 2265.25 रुपये पर बंद हुआ था। Jefferies ने इसे Buy रेटिंग में बनाए रखा है। साथ ही इसका टारगेट प्राइस 2975 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि तिमाही आधार पर कंपनी का एबिटा आठ परसेंट बढ़ा है जो अनुमान से बेहतर है। फाइनेंशियल ईयर 2024 में इसके 13 परसेंट रहने का अनुमान है।

निवेशकों की उम्मीद

सितंबर तिमाही में रिलायंस के हरेक बिजनस का प्रदशर्न शानदार रहा। जियो प्‍लेटफॉर्म लिमिटेड का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 10.6 फीसदी बढ़ा। जियो ने 5,058 करोड़ का नेट प्रॉफिट कमाया, जो बीते साल से 12% ज्‍यादा है। रिलायंस रीटेल वेंचर लिमिटेड (RRVL) का राजस्‍व भी सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 18.8 फीसदी बढ़ा है। निवेशकों को उम्मीद थी कि सोमवार को बाजार खुलने के साथ रिलायंस के शेयरों में बंपर उछाल देखने को मिल सकता है। सुबह 9.40 बजे कंपनी का शेयर 1.62% की तेजी के साथ 2301.95 पर ट्रेड कर रहा था। इस दौरान बीएसई का सेंसेक्स 226.38 यानी 0.35% गिरावट के साथ 63,556.42 अंक पर ट्रेड कर रहा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 66.55 अंकों की गिरावट के साथ 18980 अंक पर आ गया।

Advertisement