पंजाब-हरियाणा और दिल्ली में कोल्ड वेव का रेड अलर्ट:UP-बिहार सहित 8 राज्यों में कोल्ड-डे की स्थिति

पंजाब-हरियाणा और दिल्ली में कोल्ड वेव का रेड अलर्ट:UP-बिहार सहित 8 राज्यों में कोल्ड-डे की स्थिति

देश में ठंड का असर एक बार फिर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने शनिवार (20 जनवरी) को 18 राज्यों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कोल्ड वेव यानी शीतलहर का रेड अलर्ट है। इन राज्यों में 21 जनवरी तक ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ाएंगी।

तीनों राज्यों के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में कोल्ड-डे से सीवियर कोल्ड-डे की स्थिति है। उत्तर प्रदेश के 45 शहरों और बिहार के 38 जिलों में आज कोल्ड-डे का अलर्ट है। दोनों राज्यों में 24 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका है।

उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से मध्य प्रदेश और राजस्थान में तापमान लगातार गिर रहा है। MP के कई शहरों में पिछले दो दिन से कंपकंपी बढ़ गई है। 19 जनवरी की रात छतरपुर के बजावर में तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में आज 8-10 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।

राजस्थान के जयपुर में 19 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आज सुबह 10 बजे तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कुछ शहरों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर गाड़ियों का चलना मुश्किल हो गया।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की स्थिति...

पंजाब, हरियाणा, बिहार, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोल्ड-डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति जारी रह सकती है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में एक-दो जगहों पर कोल्ड डे रहने के आसार हैं।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी कोहरे का असर रहेगा। ओडिशा, छत्तीसगढ़, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

लखनऊ का दिन शिमला से ज्यादा ठंडा, कानपुर में तापमान 2.4°C पहुंचा; 45 शहरों में आज कोल्ड-डे का अलर्ट

UP में भीषण ठंड का दौर जारी है। शुक्रवार को लखनऊ में दिन में शिमला से ज्यादा ठंडक रही। शिमला में अधिकतम पारा 13.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि लखनऊ में 12.9 डिग्री रहा है। 5 राज्यों में कानपुर सबसे सर्द रहा है। यहां तापमान 2.4°C रिकॉर्ड किया गया है।

प्रदेश के 16 शहरों में कोल्ड-डे का रेड अलर्ट और 29 शहरों में ​​​​ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह से सर्द हवाएं चल रहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, भीषण ठंड से आज भी राहत मिलने के आसार नहीं है। 31 जनवरी तक ऐसी ही ठंड पड़ सकती है। 26 जनवरी के बाद पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। 


Advertisement