भोपाल । राजधानी के राजा भोज एयरपोर्ट से इस माह यात्रियों की संख्या का आंकड़ा सवा लाख से अधिक होने की संभावना है। भोपाल से देश के विभिन्न शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की औसत संख्या चार हजार से अधिक हो गई है। रविवार को राजा भोज एयरपोर्ट पर एक दिन में सर्वाधिक यात्री संख्या का पिछला रिकार्ड टूट गया। इस दिन यहां से चार हजार 629 यात्रियों ने सफर किया।
दीपावली, वर्ल्ड कप ने बढ़ाई रौनक
इस माह दीपावली का पर्व होने के कारण एयरलाइंस कंपनियों को 90 फीसदी तक पैसेंजर लोड मिला। अहमदाबाद में हुए विश्व कप फाइनल क्रिकेट मैच के कारण भी विमान में सफर करने वालों की संख्या बढ़ी। आमतौर पर राजा भोज एयरपोर्ट से प्रतिदिन चार हजार से कम यात्री सफर करते हैं। पिछला रिकार्ड 4250 यात्रियों का था, जो अब टूट चुका है। त्यौहारी सीजन में एयरलाइंस कंपनियों ने मनमाने किराये पर सीटों की बुकिंग की, इसके बावजूद समय बचाने के लिए यात्रियों ने विमान से सफर करने का विकल्प चुना। इसका असर मासिक यात्री संख्या पर भी नजर आएगा।
क्लब सवा लाख में शामिल होना लगभग तय
पिछले तीन माह से राजा भोज एयरपोर्ट से यात्रियों की मासिक संख्या एक लाख से अधिक लेकिन सवा लाख से कम रही है। नवंबर माह में यात्री संख्या सवा लाख से अधिक होना लगभग तय है। यह आंकड़ा पार करने ही हमारा एयरपोर्ट देश के ऐसे चुनींदा एयरपोर्ट्स में शामिल हो जाएगा, जो क्लब सवा लाख में शामिल हैं।
अब उड़ानें बढ़ने की संभावना है
यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या सकारात्मक संकेत है। अब यहां से उड़ानें भी बढ़ सकती हैं। कुछ शहरों तक सीधी उड़ान की जरूरत महसूस की जा रही है। हम एयरलाइंस कंपनियों के सतत संपर्क में हैं। नए सााल में उड़ानों की संख्या जरूर बढ़ेगी।
- रामजी अवस्थी, एयरपोर्ट डायरेक्टर











