रानी बाटड मैहर और अजय देव शर्मा पांढुर्णा के होंगे पहले कलेक्टर, सरकार ने किया पदस्थ
Updated on
06 Oct 2023, 12:45 PM
भोपाल। मैहर और पांढुर्णा को जिला बनाने के बाद सरकार ने गुरुवार देर रात वहां कलेक्टर पदस्थ कर दिए। 2014 बैच की आइएएस अधिकारी रानी बाटड को मैहर का पहला कलेक्टर बनाया गया है। वे अभी शहडोल संभाग की अपर आयुक्त हैं। वहीं, अजय देव शर्मा को पांढुर्णा का कलेक्टर बनाया है। शर्मा वर्तमान में उज्जैन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हैं। अजय देव शर्मा के स्थान पर अपर कलेक्टर उज्जैन मृणाल मीना को जिला पंचायत उज्जैन का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। मंत्रालय में पदस्थ उप सचिव प्रीति यादव को अपर कलेक्टर उज्जैन पदस्थ किया है।
अंतिम कैबिनेट बैठक में मिली मंजूरी
बता दें मप्र में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले शिवराज सरकार ने अपनी घोषणा को पूरा करते हुए दो नए जिले पांढुर्णा और मैहर का गठन कर दिया। बुधवार देर रात निर्णय होने के बाद गुरुवार को सुबह अधिसूचना भी जारी कर दी। इससे दोनों जिले अस्तित्व में आ गए। अब प्रदेश में 55 जिले हो गए हैं।
शिवराज सरकार को बड़ा सियासी कदम
पांढुर्णा और मैहर जिले के गठन को शिवराज सरकार को बड़ा सियासी कदम माना जा रहा है। छिंदवाड़ा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ का गढ़ है विंध्य क्षेत्र में मऊगंज के बाद सरकार ने मैहर जिला गठित किया है। विंध्य में भाजपा ने 2018 के विधानसभा चुनाव में 23 सीटें जीती थीं।