भद्रा का साया हटने के बाद उत्साह से मना रक्षाबंधन पर्व, बाजार भी खिलखिलाए
Updated on
31 Aug 2023, 01:07 PM
भोपाल । शहर में भाई-बहन के पवित्र व अटूट प्रेम का पर्व
रक्षाबंधन बुधवार को उत्साह के साथ मनाया गया। भद्रा का साया रहने से अधिकतर बहनों ने रात 9:05 बजे के बाद ही भाइयों को राखियां बांधीं। उनके माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। नशा न करने का संकल्प दिलाया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर रक्षा करने का वचन दिया। भद्रा से लोगों में भ्रम की भी स्थिति रही। कई जगह लोगों ने दिन भी राखियां बंधवाई। कहीं भाई बहनों के घर राखियां बंधवाने पहुंचे तो कहीं बहनें भाइयों के घर राखियां बांधने पहुंचीं। भद्रा होने से गुरुवार को यानी आज भी बहनें भाइयों को राखियां बांध सकेंगी।
बाजारों में जमकर हुई खरीदारी
रक्षाबंधन के चलते शहर चौक, न्यू मार्केट, कोलार, भेल, संत हिरदाराम नगर, अयोध्या बायपास, अवधपुरी सहित सभी बाजारों में खूब कपड़ों, राखियां, मिठाई, गाड़ियां, मोबाइल सहित पूजन-सामग्री की खरीदारी हुई। सुबह नौ से रात 11 बजे तक ग्राहकों की चहल-पहल देखने को मिली। त्योहार के लिए जरूरी सामग्री खरीदने के लिए लोगों का उत्साह देखते ही बना। इससे कारोबार में 30 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला।
40 फीसदी बढ़ गया मिठाई कारोबार
रक्षाबंधन पर मिठाई कारोबार में बढ़ोतरी हुई। पिछले दिनों की अपेक्षा कारोबार में 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह उपहारों की भी मांग बढ़ गई। मिठाई कारोबारी राणू सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के लिए मिठाइयों की अच्छी मांग रही। इधर भाद्रपद माह की शुरुआत शुक्रवार से होगी। भादों में कई तीज त्योहार आाएंगे। इस माह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व सात सितंबर को मनाया जाएगा।