वर्तमान में दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर मध्य समुद्र तल से 3.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण तंत्र सक्रिय है। इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं होने के कारण मध्य प्रदेश में हल्की उमस महसूस हो रही है। प्रदेश की न्यूनतम तापमान की बात करें तो प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
एमपी में फिर से बारिश का पूर्वानुमान, कई जिलों में गिरेगा पानी, जानें मौसम का ताजा अपडेट
भोपाल: मध्य प्रदेश का मौसम इन दिनों अटपटा सा बना हुआ है। नवंबर का आधा महीना बीतने को है, लेकिन कहीं भी कड़ाके की ठंड ने दस्तक नहीं दिया है। राजधानी भोपाल में तो लोग अभी भी पंखा चलाकर रात की नींद ले रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों की मौसम परिस्थितियां शुष्क बनी हुई है। दिन में जहां तेज गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रात में भी न्यूनतम तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं आ रही है। इसके चलते लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह में ग्वालियर-चंबल संभाग में हल्की बारिश हो सकती है।
कहां कितना तापमान
बालाघाट में 15.8, उमरिया में 17, टीकमगढ़ में 16.01, मंडला में 15, जबलपुर में 17.4, उज्जैन में 18, ग्वालियर में 18.4, इंदौर में 18.4 और भोपाल में 16.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
अधिकतम तापमान की बात करें तो भोपाल में 31.5, ग्वालियर में 32.6, इंदौर में 32.6, उज्जैन में 33.8 और जबलपुर में 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने भोपाल के मौसम के बारे में पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि भोपाल में सुबह धुंध छाई हो सकती है। हवा की औसत गति 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। वहीं अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। रविवार को प्रदेश के अन्य जिलों के मौसम में भी कोई भी बड़ा बदलाव नहीं होने के आसार दिख रहे हैं।











