रेलवे ने बदला वंदे मेट्रो का नाम, पीएम नरेंद्र मोदी आज पहली ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

रेलवे ने बदला वंदे मेट्रो का नाम, पीएम नरेंद्र मोदी आज पहली ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश की पहले वंदे मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाने जा रहे हैं। उससे पहले रेलवे ने आज बड़ा फैसला लिया है। वंदे मेट्रो का नाम बदलकर नमो भारत रैपिड रेल कर दिया है। देश की पहले नमो भारत रैपिड रेल भुज से अहमदाबाद के बीच चलेगी। इससे पहले आरआरटीएस का नाम रैपिडएक्स से बदलकर नमो भारत किया गया था। देश की पहले नमो भारत ट्रेन दिल्ली से मेरठ के बीच चलेगी। इसका कुछ एक सेक्शन शुरू हो गया है। मोदी साथ ही छह वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

देश की पहली नमो भारत रैपिड रेल भुज और अहमदाबाद के बीच चलेगी।। इस ट्रेन का संचालन हफ्ते में 6 दिन ही होगा। हर सप्ताह रविवार को भुज से इसकी सेवा नहीं मिलेगी जबकि अहमदाबाद से इसकी सेवा शनिवार को नहीं मिलेगी। रास्ते में यह अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, समखियाली, हलवद, ध्रांगध्रा, विरमगाम, चांदलोडिया और साबरमती में रुकेगी। यह ट्रेन भुज से सुबह 05.05 बजे रवाना होकर अहमदाबाद सुबह 10:50 बजे पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन अहमदाबाद से शाम 05:30 बजे खुलेगी और रात में 11:10 बजे भुज पहुंचेगी।

कितना होगा किराया


वंदे मेट्रो ट्रेन अपनी इस यात्रा में 9 स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन का ठहराव हर स्टेशन पर औसतन 2 मिनट का रहेगा। यह ट्रेन 5 घंटे 45 मिनट में अपनी यात्रा पूरी करेगी। वंदे मेट्रो ट्रेन की किराया सूची भी जारी कर दी गई है। इसमें कम से कम किराया 30 रुपये का होगा। इस पर सुपरफास्ट सरचार्ज, रिजर्वेशन चार्ज, जीएसटी भी देय होगा। यदि आप इसमें 50 किलोमीटर की यात्रा करते हैं तो आपको 60 रुपये और जीएसटी एवं अन्य अप्लिकेबल चार्जेज देने होंगे। इससे ऊपर हर किलोमीटर पर 1.20 रुपये का मूल किराया बढ़ते जाएगा। इसे मुंबई में चलने वाले एसी सबअर्बन से भी सस्ता बताया जा रहा है।

रेल मंत्रालय ने कहा कि वंदे मेट्रो ट्रेन में 12 डिब्बे होंगे, जिसमें 1,150 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी। वंदे मेट्रो ट्रेन भुज से रवाना होगी और 5.45 घंटे में 359 किमी की दूरी तय करके अहमदाबाद पहुंचेगी। यात्रियों के लिए इसकी नियमित सेवा 17 सितंबर से अहमदाबाद से शुरू होगी और पूरी यात्रा के लिए प्रति यात्री किराया 455 रुपये होगा। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि जहां अन्य मेट्रो ट्रेन केवल छोटी दूरी तय करती हैं, वंदे मेट्रो ट्रेन शहर के मध्य से परिधीय शहरों को जोड़ेंगी। वंदे मेट्रो 110 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से चलती है। वंदे मेट्रो ट्रेन को टक्कर रोधी ‘कवच’ जैसी उन्नत सुरक्षा प्रणाली से सुसज्जित किया गया है।
Advertisement