रेलवे पुलिस ने धौलपुर से आया नौ क्विंटल मिलावटी मावा पकड़ा

रेलवे पुलिस ने धौलपुर से आया नौ क्विंटल मिलावटी मावा पकड़ा

भोपाल। रेलवे पुलिस ने शुक्रवार को धौलपुर से ट्रेन से आया लगभग नौ क्विंटल मिलावटी मावा पकड़कर खाद्य विभाग के सुपुर्द किया। बरामद किए गए इस मावा की कीमत सवा दो लाख रुपये बताई जा रही है।

23 बोरियों में लाया गया था मावा

जीआरपी थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर किसी ट्रेन से उतरी पार्सल की 23 नग बोरियां दिखीं। संदेह के आधार पर चेक करने पर उनमें मावा होना पाया गया। मिलावट का संदेह होने पर घटना की सूचना खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दे दी गई। खाद्य शाखा के अधिकारी भी मौके पर आ गए थे। दिन भर माल लेने कोई नहीं आया। शाम को कुछ हम्माल मावा लेने पहुंचे। इसके बाद मावा की जांच की गई तो वह मिलावटी पाया गया। यह माल धौलपुर से किसी ट्रेन के माध्यम से भोपाल लाया गया। इसे त्योहार के अवसर पर शहर में खपाया जाना था।

पांच प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि शुक्रवार को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में विक्रय हेतु रखी मिठाइयों में उत्पादन तथा बेस्ट विफोर तिथि की जांच की गई। इस दौरान गांधीनगर स्थित साईं बाबा स्वीट्स, विष्णु स्वीट्स एवं न्यूमार्केट स्थित आहूजा पंजाब डेयरी प्रोडक्ट्स एंड स्वीट्स, जहांगीराबाद स्थित मनोकांक्षा स्वीट्स एवं हमीदिया रोड स्थित मनोज स्वीट्स में ट्रे पर उत्पादन तथा बेस्ट विफोर तिथि नहीं लिखी पाई गई। इसलिए इनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
Advertisement