कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 19वें दिन शनिवार को झारखंड के गोड्डा पहुंचे। सरकंडा में लोगों से बातचीत में उन्होंने भाजपा और RSS पर नफरत फैलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अरबपतियों का कर्ज माफ करने का आरोप लगाया।
राहुल ने कहा- हमारी लड़ाई BJP-RSS के लोगों के दिल में भरी नफरत और डर के खिलाफ है। ये लोग नफरत और डर की राजनीति करते हैं। ये लोग एक जाति को दूसरी जाति से, एक धर्म को दूसरे धर्म से और आदिवासियों को गैर-आदिवासियों से लड़ा रहे हैं।
इसी नफरत के खिलाफ हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर सबको जोड़ने और मोहब्बत की दुकान खोलने झारखंड आए हैं। PM मोदी ने अरबपतियों का कर्ज माफ किया है, लेकिन किसानों का कर्ज कभी माफ नहीं हो सकता। कांग्रेस की सरकार में किसानों का 72 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ हुआ था।
राहुल गांधी दोपहर ढाई बजे देवघर पहुंचेंगे। वे यहां बाबा वैद्यनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। शाम को वे यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे यहां से धनबाद के लिए निकलेंगे। वे रात को टुंडी विधानसभा के हलकाटा में रूकेंगे। राहुल राज्य के 13 जिलों में करीब 804 किलोमीटर का सफर तय करेंगे।
भाजपा ने झारखंड सरकार को तोड़ने की कोशिश की
राहुल की न्याय यात्रा 2 फरवरी की शाम बंगाल से झारखंड के पाकुड़ पहुंची थी। इस दौरान झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने उनका स्वागत किया। राहुल ने पाकुड़ में लोगों से बात करते हुए झारखंड की राजनीतिक स्थिरता के लिए भाजपा को दोषी ठहराया।
राहुल ने कहा- भाजपा ने एक बार फिर उस सरकार को तोड़ने और अस्थिर करने की कोशिश की, जिसे झारखंड के लोगों ने चुना था। हालांकि, I.N.D.I.A ने भाजपा की साजिश को सफल होने नहीं दिया। भाजपा के पास मनी पावर और जांच एजेंसियां है, लेकिन कांग्रेस उनसे डरती नहीं हैं। भाजपा की फूट डालने वाली विचारधारा के खिलाफ कांग्रेस लड़ती रहेगी।
2 फरवरी को बंगाल में राहुल बोले- नीतीश ने दबाव में I.N.D.I.A छोड़ा
बंगाल में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने यू-ट्यूबर्स के साथ बातचीत की। कांग्रेस ने 2 फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका वीडियो शेयर किया। इसमें राहुल ने I.N.D.I.A छोड़कर भाजपा में गए नेताओं पर निशाना साधा।
राहुल ने कहा- नीतीश कुमार पर जरूर दबाव बनाया होगा, तभी उन्होंने I.N.D.I.A छोड़ा है। हिमंता बिस्वा सरमा और मिलिंद देवड़ा जैसे लोगों के कांग्रेस छोड़ने पर कोई दिक्कत नहीं है। उनकी विचारधारा अलग है।
राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 66 दिन, 15 राज्य और 6700 KM का सफर
राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की थी। 20 मार्च को खत्म होने वाली यात्रा 15 राज्य और 110 जिलों के 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बस से और पैदल 6700 किमी का सफर तय करेंगे।
न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए 20 मार्च को महाराष्ट्र के मुंबई में खत्म होगी। 66 दिनों तक चलने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। राहुल गांधी जगह-जगह रुक कर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। इ
15 राज्यों की 100 लोकसभा सीटों को कवर करेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक दिन के लिए मणिपुर में रहेगी। इसके बाद यह नगालैंड में प्रवेश करेगी और दो दिनों में 257 KM और 5 जिलों को कवर करेगी और आठ दिनों में असम में 833 KM और 17 जिलों को कवर करेगी। इसके बाद यात्रा एक-एक दिन के लिए अरुणाचल प्रदेश और मेघालय जाएगी।
रूट मैप के मुताबिक, यात्रा पश्चिम बंगाल में पांच दिनों तक चलेगी, जिसमें 523 KM और सात जिले शामिल होंगे। बिहार में चार दिन तक 425 किमी और 7 जिलों को कवर किया जाएगा। इसके बाद झारखंड में यात्रा आठ दिन में 804 KM और 13 जिलों को कवर करेगी।
ओडिशा में न्याय यात्रा चार दिन में 341 KM और चार जिलों को कवर करेगी और छत्तीसगढ़ में पांच दिन में 536 KM और सात जिलों को कवर करेगी। कांग्रेस की यह यात्रा उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 दिन का समय बिताएगी और 20 जिलों को कवर करेगी।
मध्य प्रदेश में यात्रा सात दिनों में 698 KM और 9 जिलों को कवर करेगी। यह एक दिन में राजस्थान के 2 जिलों जाएगी। राहुल की यह यात्रा गुजरात और महाराष्ट्र में पांच-पांच दिनों तक चलेगी, जो क्रमशः 445 किमी और 479 किमी की दूरी तय करेगी। इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होगा।
UP में यात्रा का फोकस अमेठी-वाराणसी में रहेगा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा सबसे ज्यादा दिन UP में रहेगी। यह यात्रा 11 दिन में 20 से ज्यादा जिले कवर करके कुल 1074 KM की दूरी तय करेगी। UP में सबसे ज्यादा 80 लोकसभा सीटें हैं, लेकिन साल 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एक सीट पर सिमट गई थी। रायबरेली से केवल सोनिया गांधी को जीत मिली थी।
इस चुनाव में कांग्रेस अपनी पैतृक सीट अमेठी भी हार गई थी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को बड़े अंतर से हरा दिया था। ऐसे में कांग्रेस का फोकस लोकसभा की कई अहम सीटों पर रहेगा। इनमें वाराणसी, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ और प्रयागराज शामिल हैं।
145 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा कर चुके हैं राहुल
इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था।
श्रीनगर में यात्रा के समापन के मौके पर शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में राहुल ने कहा था- मैंने यह यात्रा अपने लिए या कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि देश की जनता के लिए की है। हमारा उद्देश्य उस विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना है जो इस देश की नींव को नष्ट करना चाहती है।
यात्रा के दौरान राहुल ने 12 सभाओं को संबोधित किया था, 100 से ज्यादा बैठकें और 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस की थीं। उन्होंने चलते हुए 275 से ज्यादा चर्चाओं में हिस्सा लिया, जबकि कहीं रुककर 100 के करीब चर्चाएं कीं.











