राहुल बोले-अग्निपथ स्कीम ने युवाओं के सपने बर्बाद किए

राहुल बोले-अग्निपथ स्कीम ने युवाओं के सपने बर्बाद किए

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने अग्निपथ स्कीम लॉन्च करके अनगिनत युवाओं के सपने नष्ट कर दिए हैं। राहुल ने सोशल मीडिया पर एक ग्रुप फोटो शेयर किया जिसमें वे कुछ युवाओं के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट में राहुल ने लिखा कि ये सभी युवा बिहार के चंपारण से आए हैं।

राहुल ने कहा कि सरकार ने अग्निवीर स्कीम के बहाने से सेना और एयर फोर्स की स्थायी भर्ती प्रक्रिया को कैंसिल करके युवाओं के सपने बर्बाद कर दिए हैं। जबकि, अग्निवीर स्कीम को अस्थायी भर्ती करने के लिए शुरू कर दिया गया था।

राहुल ने पोस्ट में लिखा कि बहुत दुख की बात है कि हमारे युवा जो सत्याग्रह चंपारण की भूमि से 1,100 किमी चलकर दिल्ली पहुंचे हैं, उनके संघर्ष को मीडिया नहीं दिखा रहा है। हम उन युवाओं के साथ हैं, जो सड़क से संसद तक बेरोजगारी का मुद्दा उठा रहे हैं।

पूर्व सेना प्रमुख ने भी अग्निपथ स्कीम को चौंकाने वाली स्कीम बताया था
पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने अपनी बायोग्राफी में अग्निपथ स्कीम को लेकर दावा किया है कि इस स्कीम के ऐलान ने तीनों सेनाओं (आर्मी, नेवी और एयरफोर्स) को चौंका दिया था। जनरल मनोज मुकुंद नरवणे 31 दिसंबर 2019 से 30 अप्रैल 2022 तक सेना प्रमुख के रूप में कार्यरत थे।

उन्होंने अपनी किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' में लिखा कि उन्होंने 2020 में PM मोदी को 'टूर ऑफ ड्यूटी' स्कीम का प्रस्ताव दिया था। इसमें अग्निवीरों की तरह ही जवानों को कुछ समय के लिए भर्ती करने का सुझाव दिया था, जो सिर्फ इंडियन आर्मी के लिए मान्य था।

नरवणे ने लिखा- कुछ समय बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) अग्निपथ योजना लेकर आया। इसमें थल सेना के साथ-साथ वायु सेना और नौसेना को भी शामिल किया गया। इस योजना ने आर्मी से ज्यादा वायु सेना और नौसेना को चौंकाया।

इस दावे को लेकर बीते दिनों कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा था। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने 19 दिसंबर को नरवणे के दावे के बाद कहा- अग्निपथ योजना बिना किसी के विचार विमर्श के लाई गई।


Advertisement