राष्ट्रपति मुर्मू का आज गुजरात दौरा : मोरबी में स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती पर आयोजित समारोह में शामिल होंगी

राष्ट्रपति मुर्मू का आज गुजरात दौरा : मोरबी में स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती पर आयोजित समारोह में शामिल होंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 फरवरी को आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती के जन्मस्थान गुजरात के मोरबी जिले के टंकारा में उनकी 200वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी।

वेदों और वैदिक संस्कृति के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए भारत में सुधार आंदोलन की नींव रखने वाले आर्य समाज के संस्थापक, महर्षि दयानंद सरस्वती की इस वर्ष 200वीं जयंती मनाई जा रही है।

समारोह में लाखों आर्य समाजी अनुयायियों के उत्सव में शामिल होने के लिए टंकारा आने की संभावना है। दुनियाभर से लाखों अनुयायी आर्य संदेश टीवी चैनल और आर्य समाज के अन्य सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से इस भव्य समारोह से जुड़ेंगे।

10 फरवरी से शुरू हुए इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। जन्मोत्सव के पहले दिन गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्यपाल आचार्य देवव्रत और दूसरे दिन गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस आयोजन में वर्चुअली शामिल हुए।

साल भर से चल रहा समारोह
12 फरवरी 1824 को टंकारा में जन्मे महर्षि दयानंद सरस्वती ने अपना पूरा जीवन वैदिक ज्ञान और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित कर दिया। महर्षि दयानंद सरस्वती की शिक्षाओं ने धर्म, समाज और राष्ट्र के सामंजस्यपूर्ण भाईचारे का मार्ग प्रशस्त किया।

भारतीय संस्कृति में उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2023 में साल भर चलने वाले समारोहों का उद्घाटन किया था। इसके अंतर्गत इस विशेष समारोह का आयोजन टंकारा में भी किया जा रहा है।


Advertisement