भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पोस्टरों पर कालिख पोतने का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने इन पर आतंकवादी लिखने के साथ कुछ भद्दे कमेंट्स भी डाले थे। ये पोस्टर सुभाष एक्सीलेंस स्कूल के सामने बस स्टॉप पर लगे थे।
गुरुवार को जानकारी लगते ही नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोस्टरों पर लगी कालिख को साफ किया। एक पोस्टर साफ नहीं हुआ तो निगमकर्मी उसे उखाड़कर अपने साथ ले गए।
इधर, शिकायत पर हबीबगंज थाने में अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं। पुलिस की तीन टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। बताया जा रहा है कि फुटेज के आधार पर कुछ संदेहियों की पहचान हुई है। इनकी तलाश में दबिश दी गई है। माना जा रहा है इस मामले में जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है।
मेयर बोलीं- कार्रवाई की जाएगी महापौर मालती राय ने कहा- पोस्टर्स हटा दिए गए हैं। घटनास्थल पर कैमरे लगे हैं। इनकी मदद से यह पहचान की जाएगी कि यह काम किसने किया है? उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हमारे देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के पोस्टर के साथ ऐसा करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
निगमकर्मियों की शिकायत पर FIR हबीबगंज थाने के टीआई अजय कुमार सोनी ने कहा, 'बस स्टॉप पर लगे पोस्टर में काटपीट की गई थी। स्याही वगैरह लगाकर कुछ लिखा भी गया था। हमने इसकी जांच पड़ताल शुरू की है। नगर निगम की तरफ से भी शिकायत मिली है।
शासकीय संपत्ति के साथ तोड़फोड़ और आपत्तिजनक लिखने की संबंधित धाराओं में FIR की है। हमारी दो टीमें लगी हैं। सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही हम आरोपी तक पहुंचेंगे।'











