रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा 5 जून को नवीन विश्राम गृह के न्यू कन्वेन्शन हॉल में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “प्लास्टिक प्रदूषण-दुष्प्रभाव एवं समाधान” निर्धारित किया गया है। यह प्रतियोगिता न केवल युवाओं में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि प्लास्टिक प्रदूषण जैसे गंभीर पर्यावरणीय मुद्दे पर जागरूकता फैलाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
प्रतियोगिता सुबह 10 बजे प्रारंभ होगी तथा इसकी समय सीमा 1 घंटा 30 मिनट निर्धारित की गई है। पोस्टर प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में विभाजित किया गया है, जिसमें प्रथम वर्ग 12 वर्ष तक, द्वितीय वर्ग 13 से 17 वर्ष, तृतीय वर्ग: 18 से 21 वर्ष और चतुर्थ वर्ग दिव्यांगजनों का है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक वर्ग में प्रथम पुरस्कार 5000 रूपए, द्वितीय 3000 रूपए, तृतीय 2000 रूपए तथा दो सांत्वना पुरस्कार 500-500 रूपए रखे गए हैं।