MP के 6 शहरों में ओले गिरने की संभावना, UP के 5 जिलों में स्कूल बंद

MP के 6 शहरों में ओले गिरने की संभावना, UP के 5 जिलों में स्कूल बंद

दिल्ली में कोहरे को लेकर रेड अलर्ट है। घनी धुंध के कारण रेलवे, सड़क और एयर रूट प्रभावित हुए हैं। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में विजिबिलिटी 0-50 मीटर तक है। 28 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे सफदरजंग में 50 मीटर और पालम में 25 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई है। दिल्ली एयरपोर्ट पर 134 फ्लाइट्स लेट हो गईं। इसके अलावा 22 ट्रेनें 8 से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं।

उधर, UP के 32 जिलों में फॉग का रेड अलर्ट है। इन शहरों में विजिबिलिटी कहीं जीरो तो कहीं 5-10 मीटर तक पहुंच गई। 5 जिलों में स्कूल बंद कर दिए हैं। वहीं, MP के 6 शहरों में ओले गिरने की संभावना है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते 2 दिन में UP, राजस्थान और पंजाब में कोहरे की वजह से हुए सड़क हादसे में 17 लोगों की जान चली गई और 46 लोग घायल हो गए।

MP-राजस्थान समेत 14 राज्यों में अलर्ट
IMD ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत 14 राज्यों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के अलावा पंजाब और हरियाणा में भी रेड अलर्ट है। पंजाब से सटे हरियाणा के अंबाला, पेहोवा, कैथल, शाहाबाद और गुहला में सुबह 8 बजे विजिबिलिटी 10 से 50 मीटर तक रही।

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 28 दिसंबर तक घने कोहरे का अनुमान है। 29 दिसंबर से 30 दिसंबर तक हल्का कोहरा छाया रहेगा।

मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन में भी धुंध छाई रही। IMD के मुताबिक, MP में 30 दिसंबर से 4 जनवरी तक बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया फॉग मैप

कश्मीर के कई इलाकों में तापमान -5°C
कश्मीर के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से माइनस तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। घने कोहरे की वजह से श्रीनगर और इसके आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी दूसरे दिन भी 50 मीटर से कम रही।

अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम में अमरनाथ यात्रियों के लिए शिविर बनाए गए हैं। यहां का तापमान माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि एक दिन पहले माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस था।

30 दिसंबर तक छाया रहेगा घना कोहरा
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा। यहां विजिबिलिटी रेंज 50 मीटर तक रहने का अनुमान है।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का अनुमान
निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। देश में 29 दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। 29 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है।

गंगा के मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे का अनुमान है। अगले 2 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।

MP के 6 शहरों में ओले गिरने की संभावना, पचमढ़ी से ठंडा राजगढ़

मध्यप्रदेश के कई शहरों में बुधवार रात न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या इससे ज्यादा रहा है। पचमढ़ी से ठंडे राजगढ़, नौगांव और उमरिया रहे हैं। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, भोपाल, सागर और रीवा में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 दिसंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इस कारण 30 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रदेश में मौसम बदला रहेगा। बारिश होने के साथ ओले भी गिर सकते हैं।

राजस्थान में कोल्ड-डे की शुरुआत, कई जिलों में तापमान 20 डिग्री से नीचे आया

राजस्थान के बीकानेर, सीकर, अलवर, चूरू, हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में विजिबिलिटी 150 मीटर से कम रही। उत्तरी राजस्थान में कोहरे और सर्द हवाओं के कारण कोल्ड-डे की शुरुआत हो गई। गंगानगर, हनुमानगढ़ में कल दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जो सामान्य तापमान से काफी कम है।

UP में कोहरे से बुलंदशहर हाईवे पर 8 गाड़ियां टकराईं, 32 जिलों में फॉग का रेड अलर्ट

UP में कानपुर, लखनऊ, मेरठ, सहारनपुर समेत 32 शहरों में विजिबिलिटी कहीं जीरो तो कहीं 5-10 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने लखनऊ, वाराणसी समेत 32 जिलों में फॉग का रेड अलर्ट जारी किया है।बुलंदशहर में मेरठ हाईवे पर कोहरे की वजह से सुबह 7 बजे 8 वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हालांकि, किसी को गंभीर चोट नहीं आई। 

हिमाचल में दिन का तापमान तोड़ रहा रिकॉर्ड; 10 शहरों का पारा 20 डिग्री पार

हिमाचल प्रदेश में 10 शहरों का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो चुका है। इससे पहले दिसंबर के आखिरी सप्ताह में एक साथ कभी भी इतने शहरों का तापमान 20 डिग्री पार नहीं गया। ऊना का मैक्सिमम टैम्परेचर 25.2 डिग्री और धोलाकुंआ का 24.4 डिग्री सेल्सियस हो गया है।



Advertisement