राजस्थान में आज पीएम मोदी की सभा, सांवलिया सेठ के दर्शन कर जनता को देंगे तोहफा

राजस्थान में आज पीएम मोदी की सभा, सांवलिया सेठ के दर्शन कर जनता को देंगे तोहफा
जयपुर : राजस्थान में आगामी विधानसभाओं के बीच पीएम नरेंद्र मोदी एक बार फिर सोमवार को राजस्थान आएंगे। इस दौरान पीएम मोदी दोपहर में चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध श्रीकृष्ण धाम सांवलिया सेठ मंदिर आएंगे। जहां वे सांवलिया सेठ के दर्शन करने के बाद चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव के बीच मोदी का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं अब तक राजस्थान में उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी जारी नहीं हो पाई है। इस बीच कयास लगाए जा रहे कि पीएम मोदी की जनसभा की बाद भाजपा अपनी पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है। इसको लेकर रविवार को भी बीजेपी की केंद्र चुनाव समिति और राजस्थान की चुनाव समिति के बीच टिकटों के लिए काफी मंथन हुआ।

सांवलिया सेठ के दर्शन के बाद पीएम देंगे बड़ी सौगात

पीएम नरेंद्र मोदी दोपहर 3 बजे बाद सांवलिया जी के दरबार में पहुंचेंगे। जहां दर्शन करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मोदी विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी की सभा स्थल पर 90 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां भी जयपुर की तरह ही प्रधानमंत्री की आगवानी महिलाओं की ओर से की जाएगी। जिसमें पीएम मोदी खुली जीप से सभा स्थल पहुंचेंगे।

मोदी के दौरे से उत्साह में राजस्थान भाजपा

पीएम मोदी के एक सप्ताह में ही दूसरी बार दौरे से राजस्थान बीजेपी में अलग ऊर्जा का संचार हो रहा है। पीएम के दौरे को लेकर बीजेपी नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। बीजेपी नेताओं का मानना है कि पीएम मोदी राजस्थान के विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से चेहरा है। ऐसे में उनके बार-बार दौरों से कार्यकर्ताओं में प्राण फूंकने के साथ ही जनता में भी संजीवनी का काम कर रहे हैं। पीएम मोदी के भाषणों से कार्यर्ताओं में जोश का संचार होता है।

Advertisement