पीएम मोदी ने लिया नाम और हो गया LIC का काम, रिजल्ट से पहले ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा शेयर

पीएम मोदी ने लिया नाम और हो गया LIC का काम, रिजल्ट से पहले ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा शेयर
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्य सभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने एलआईसी की कामयाबी का जिक्र करते हुए सरकारी कंपनियों की जमकर तारीफ की। आज मार्केट में गिरावट के बावजूद एलआईसी के शेयरों में शानदार तेजी दिख रही है। सुबह 11.20 बजे यह 9.13% तेजी के साथ 1144.45 रुपये पर पहुंच गया जो इसका ऑल टाइम हाई स्तर है। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप 7,21,302.74 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले सत्र मे कंपनी का शेयर 1045.00 रुपये पर बंद हुआ था और आज 1074.95 रुपये पर खुला। कंपनी आज अपना दिसंबर तिमाही का नतीजा भी घोषित करने जा रही है। कंपनी के प्रॉफिट में 12.2 परसेंट तेजी का अनुमान है।

मोदी ने कहा था, 'मैं सीना तान के कहना चाहता हूं, आंखें ऊंची करके सुनाना चाहता हूं, आज एलआईसी का शेयर रेकॉर्ड स्तर पर है।' उन्होंने कहा कि 2014 में देश में 234 सरकारी कंपनियां थी जबकि आज उनकी संख्या बढ़कर 254 हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी कंपनियों के शेयरों में लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी ऐसे समय की जब एलआईसी के बोर्ड की आज बैठक हो रही है। इसमें दिसंबर तिमाही के नतीजों को मंजूरी दी जाएगी। बोर्ड साथ ही फाइनेंशियल ईयर 2023-24 के लिए अंतरिम लाभांश के प्रस्ताव पर भी विचार करेगा। देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी की लिस्टिंग मई, 2022 में हुई थी। इसका इश्यू प्राइस 949 रुपये था।

मोदी का मूलमंत्र

मोदी ने पिछले साल अगस्त में विपक्ष द्वारा संसद में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए निवेशकों को सरकारी कंपनियों पर दाव लगाने का सुझाव दिया था। उनेक इस भाषण के बाद से कम से कम 22 सरकारी कंपनियों ने मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। यानी पिछले छह महीने में इन शेयरों की कीमत में 100% से ज्यादा तेजी आई है। इस दौरान 56 शेयरों वाले बीएसई पीएसयू इंडेक्स की मार्केट वैल्यू 66% तेजी के साथ 59.5 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है। इस दौरान निवेशकों को 23.7 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। मोदी ने खासकर एलआईसी और एचएएल की बात कही थी। पिछले छह महीने में एलआईसी के शेयरों में करीब 65% तेजी आई है जबकि एचएएल का शेयर भी 55% से ज्यादा चढ़ा है।
Advertisement