पटना: बिहार सहित देशभर में धूमधाम से मनाया गया छठ पर्व का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ समापन हो गया। बिहार के सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित कई नेताओं ने छठ की। इसकी तस्वीरें भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर की। इन्हीं नेताओं में से एक राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह का तस्वीर चर्चा में है। दरअसल लालू यादव की पार्टी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने फेसबुक पर एक फोटो पोस्ट करते हुए सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साध दिया।
MLC सुनील के पैर छूते दिखी उनकी पत्नी
एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने जो फोटो शेयर की है, उसमें उनकी पत्नी उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेती दिख रही है। इस फोटो के कैप्शन में सुनील सिंह ने इसे बिहार की संस्कृति और संस्कार बताया। साथ ही लिखा कि पूर्व की एक घटना ने बिहारी को हंसी का पात्र बनाते हुए देश में शर्मसार कर दिया।
सुनील सिंह ने सोशल प्लेटफॉर्म पर फोटो शेयर करते हुए लिखा- 'देखिए मित्रों बिहार की सभ्यता, संस्कृति और संस्कार जिसके लिए बिहार सदियों से जानी जाती है। वो संस्कार नहीं जो कुछ दिन पूर्व घटित घटना के फलस्वरूप पूरे बिहारियों को हंसी का पात्र बनाते हुए पूरे देश में शर्मसार कर दिया।' इस पोस्ट की दूसरी लाइन को सीएम नीतीश कुमार पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
नीतीश कुमार ने दिया था महिलाओं पर विवादित बयान
बता दें, हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा में 'सेक्स ज्ञान' को लेकर महिलाओं पर विवादित बयान दे दिया था। इसमें उन्होंने कहा था कि अगर लड़की पढ़ी-लिखी होगी तो जनसंख्या नियंत्रित रहेगी। इसके साथ ही नीतीश ने बताया था कि लड़की कैसे जनसंख्या नियंत्रण कर रही हैं। लेकिन, सीएम ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया, उस पर जमकर हंगामा मचा। इसके बाद अगले दिन सीएम नीतीश ने महिलाओं को लेकर सदन में दिए बयान पर माफी भी मांग ली थी।