बाबर आजम के शतक से पेशावर जाल्मी की धमाकेदार जीत, 5 साल बाद पीएसएल के फाइनल में बनाई जगह
Updated on
29 Apr 2026, 12:48 PM
कराची: पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जाल्मी की टीम फाइनल में पहुंच गई है। क्वालीफायर मुकाबले में बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को 70 रनों के बड़े अंतर से हराया। पेशावर की टीम ग्रुप राउंड में पॉइंट्स टेबल में टॉप पर थी। सिर्फ एक हार के साथ टीम ने प्लेऑफ में जगह पक्की की थी। पहले बैटिंग करते हुए कराची के नेशनल स्टेडियम में पेशावर जाल्मी ने 7 विकेट पर 221 रन बनाए। इस्लामाबाद यूनाइटेड की पारी 19वें ओवर में 151 रनों पर सिमट गई।2021 सीजन के बाद पहली बार पेशावर जाल्मी ने फाइनल में एंट्री मारी है। इस्लामाबाद यूनाइटेड को फाइनल में जाने का एक और मौका मिलेगा। एलिमिनेटर-1 मुल्तान सुल्तांस और हैदराबाद किंग्समेन के बीच होना है। इस्लामाबाद यूनाइटेड एलिमिनेटर-2 में एलिमिनेटर-1 के विजेता से भिड़ेगी।बाबर आजम ने शतकीय पारी खेली
पेशावर जाल्मी के लिए कप्तान बाबर आजम ने 103 रनों की पारी खेली। उन्होंने मोहम्मद हारिस के साथ मिलकर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 38 गेंदों पर 72 रन जोड़े। 16 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से हारिस ने 35 रन बनाए। कुलस मेंडिस ने 41 रन बनाकर बाबर का अच्छा साथ दिया। दोनों ने 51 गेंद पर 84 रन जोड़े।38 गेंदों पर फिफ्टी लगाने वाले बाबर ने 58 गेंदों पर शतक लगाया। उन्होंने 59 गेंदों पर 12 चौके और 4 छक्कों की मदद से 103 रन बनाए। कप्तान शादाब खान ने यूनाइटेड के लिए 3 जबकि रिचर्ड ग्लीसन ने दो विकेट लिए।151 रनों पर सिमटी इस्लामाबाद की टीम
समीर मिन्हास और डेवोन कॉन्वे की जोड़ी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 30 गेंदों पर 58 रन जोड़े। 14 गेंदों पर 20 रन बनाकर कॉन्वे माइकल ब्रेसवेल का शिकार बने। मिन्हास ने 23 गेंद पर 44 रन बनाए। आरोन हार्डी ने उनका विकेट लिया। जब मिन्हास आउट हुए तो टीम का स्कोर 8.1 ओवर में 81 रन था। इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। इमाद वसीम ने 9वें नंबर पर आकर 22 रन बनाए लेकिन टीम को इसका कोई फायदा नहीं मिला। आरोन हार्डी ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। सुफियान मुकीम और मोहम्मद बसित ने 2-2 विकेट झटके।