भोपाल। एक अप्रैल 2019 से पुराने वाहनों में हाई सिक्युरिटी नंबर प्लेट(एचएसआरपी) लगवाने में अब भी कई लोग असमंजस में हैं। वाहन डीलरों के पास बड़ी संख्या में वाहन मालिक नहीं पहुंच रहे हैं। एक वाहन शोरूम में हर दिन औसतन 35 लोग एचएसआरपी लगवाने आ रहे हैं। इस तरह शहर के 100 अलग-अलग कंपनियों के वाहन शोरूमों पर हर दिन 3500 वाहनों पर एचएसआरपी लगाई जा रही हैं।
आफलाइन व आनलाइन आवेदन करने वाले वाहन मालिक नंबर प्लेट लगवा रहे हैं, जबकि परिवहन विभाग की ओर एचएसआरपी लगवाने की तिथि 15 जनवरी की है। इससे पहले 15 दिसंबर तिथि थी, जिसे बढ़ाकर 15 जनवरी की गई थी। एक जनवरी से 15 जनवरी के बीच जिन लोगों ने एचएसआरपी लगवाने का समय लिया है। ऐसे में कुछ शोरूम एचएसआरपी में आवेदन पेंडिंग भी हो रहे हैं। कुछ कंपनियों के शोरूम में एचएसआरपी लग भी नहीं पा रही हैं। वहीं अब भी ऐसे कई लोग हैं, जिन्हें नहीं पता कि आनलाइन पंजीयन कराने के लिए एसआइएएम लिंक क्या है? वाहन शोरूम पर जाकर आफलाइन कैसे निर्धारित शुल्क जमा करके पुराने वाहनों में एचएसआरपी लगवाई जाती है। इसके लिए परिवहन विभाग ने बड़े स्तर पर जागरुकता अभियान नहीं चलाया है।
बता दें कि शहर में दो व चार पहिया पुराने वाहनों की संख्या तीन लाख है। इनमें से कई वाहनों में एचएसआरपी लग गई हैं, लेकिन सही आकड़ा नहीं है कि कितने वाहनों में एचएसआरपी लग चुकी हैं और कितने में बची हुई हैं? यदि 15 जनवरी तक सभी पुराने वाहनों में एचएसआरपी नहीं लगी तो चौराहों पर तैनात रहने वाली ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई शुरू कर देगी।











