पिता का आरोप है कि इसके बाद वह तत्काल सीबीगंज थाने की तरफ दौड़े। पुलिसकर्मियों से सारी बात बताई लेकिन उन लोगों ने उन्हें कागजी कार्रवाई में उलझाए रखा। इसी बीच रेलवे से थाने को जानकारी मिली कि ट्रेन की चपेट में आकर एक छात्रा बुरी तरह घायल हो गई है। पिता का आरोप है कि दो महीने पहले भी छेड़खानी को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। योगी सरकार ने इस मामले में पहले ही सीबीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कम्बोज, हल्का प्रभारी उप-निरीक्षक नितेश कुमार शर्मा और एक कांस्टेबल आकाशदीप को सस्पेंड कर चुकी है।
दूसरी बिरादरी का लड़का प्रेम-संबंध का बनाता था दबाव: पिता
इंटर में पढ़ने वाली छात्रा का 11 अक्टूबर को बर्थडे था। इस खुशी में कोचिंग से निकलने के बाद उसने सहेलियों के साथ केक भी काटा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसके साथ बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि कोचिंग से घर लौटते वक्त कुछ लड़कों ने उसके साथ छेड़खानी की। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो लड़कों ने उसे रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन के आगे धकेल दिया। छात्रा के दोनों पैर कट गए। एक हाथ भी कट गया। वो पटरी पर लहूलुहान हालत में मिली। घरवालों का आरोप है कि दूसरी बिरादरी का एक लड़का विजय मौर्य उनकी बेटी पर जबरन प्रेम संबंध बनाने का दबाव बनाता था। इसी के चलते वह अक्सर उसका पीछा करता था। घटना वाले दिन भी उसने कोचिंग से निकलने के बाद बेटी के साथ छेड़खानी की थी। उसका एक साथी भी साथ में था। फिलहाल आरोपी लड़के को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।











