इस लिस्ट के अनुसार सबसे ज्यादा अमीरों की संख्या के मामले में भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है। वहीं चीन दूसरे और यूके चौथे स्थान पर है। वहीं सबसे ज्यादा अमीरों वाले देश के मामले में अमेरिका पहले स्थान पर पहुंच गया है। पिछले साल पहले स्थान पर चीन था। साल 2016 के बाद पहली बार अमेरिका इस स्थान पर पहुंचा है। सबसे ज्यादा अमीरों वाले टॉप 20 देशों की इस लिस्ट में एशिया के 6 देश शामिल हैं।
पाकिस्तान की क्या स्थिति?
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2025 में 30 देशों में नाम शामिल हैं। ये वे देश हैं जहां अरबपतियों की संख्या 12 या इससे ज्यादा है। इस लिस्ट में पाकिस्तान का नाम नहीं है। यानी पाकिस्तान में अरबपतियों की संख्या 12 से कम हो सकती है।हालांकि पाकिस्तान में कई अरबपति रहते हैं। फोर्ब्स के अनुसार पाकिस्तान के शाहिद खान वहां के सबसे अमीर शख्स हैं। हालांकि वह अब अमेरिका में रहते हैं और अमेरिकी नागरिक हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक इनकी नेटवर्थ 9.25 बिलियन डॉलर है। वहीं इनके बाद पाकिस्तान के अमीरों में अनवर परवेज, मोहम्मद मंशा, सदरुद्दीन हशवानी आदि का नाम आता है
भारत में कितने अरबपति?
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार भारत में अरबपतियों की संख्या 284 हो गई है। इस साल भारत में 13 नए अरबपति बने हैं। 284 अरबपतियों के साथ भारत इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर है।अमेरिका में अब 870 अरबपति हैं। पिछले साल के मुकाबले ये संख्या 70 ज्यादा है। वहीं, चीन में 823 अरबपति हैं और उनकी संख्या में सिर्फ 9 का इजाफा हुआ है। चीन में अरबपतियों की संख्या में दो साल से गिरावट आ रही थी, जो अब रुक गई है। दुनिया में सबसे ज्यादा अरबपति इन्हीं दो देशों में हैं।











