नेपाल ने तेल की कीमतों में 17% तक की कटौती की है। उसने कच्चे तेल की कीमत में गिरावट को देखते हुए यह कदम उठाया है। देश में पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की एकमात्र आयातक और डिस्ट्रीब्यूटर सरकारी कंपनी नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन (NOC) ने पेट्रोल की खुदरा कीमतों में 9.2%, डीजल में 13.3% और कुकिंग गैस में 4.6% की कटौती की है।
श्रीलंका ने भी दी राहत
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक एनओसी ने घरेलू सेक्टर के लिए जेट फ्यूल की कीमतों में 14.8% की कटौती की है। वहीं, राजधानी काठमांडू से चलने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए जेट फ्यूल की कीमत में 14.47%, पोखरा से चलने वाली उड़ानों के लिए 16.9% और सिद्धार्थनगर के भैरहवा से चलने वाली उड़ानों के लिए 17.04% की कटौती की गई है।श्रीलंका ने भी ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार तेल की कीमतों में छह प्रतिशत तक की कटौती की। पूरी तरह आयात पर निर्भर इस देश की सरकारी कंपनी पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने डीजल की कीमत में 25 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत में 20 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। इस कटौती के बाद देश में डीजल की कीमत 382 रुपये और पेट्रोल की कीमत 414 रुपये प्रति लीटर रह गई है।
पाकिस्तान में रेट
इससे पहले पाकिस्तान ने 19 जून को लगातार छठी बार पेट्रोल और डीजल की कीमत में कटौती की। पेट्रोल की कीमत में 74 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 67 रुपये की कमी की गई। इस कटौती के बाद देश में पेट्रोल की कीमत 373 रुपये प्रति लीटर से घटकर 299 रुपये रह गई जबकि डीजल की कीमत 378 रुपये प्रति लीटर से घटकर 311 रुपये रह गई।भारतीय रुपये में देखें तो पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 102.21 रुपये और डीजल की कीमत 106.31 रुपये बैठती है। भारत का 1 रुपया पाकिस्तान के 2.93 रुपये के बराबर है। यानी पाकिस्तान और भारत में पेट्रोल की कीमत करीब बराबर है जबकि डीजल की कीमत पाकिस्तान में ज्यादा है। डीजल बनाना पेट्रोल से ज्यादा महंगा पड़ता है। इसके बावजूद भारत में डीजल की कीमत पेट्रोल से कम है।











