श्रीलंका के लिए सदीरा समाराविक्रमा ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए। इसके अलावा, कुसाल मेंडिस ने 34, पवन रथ्नायके ने 32, कामिल मिशारा ने 29 और पाथुम निसांका ने 24 की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए वसीम जूनियर ने शानदार गेंदबाजी की और 10 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट लिए। हारिस रऊफ और फैसल अकरम को 2-2 विकेट मिले। कप्तान शाहीन अफरीदी और फहीम अशरफ ने 1-1 विकेट लिए।
पाकिस्तान ने 6 विकेट से जीता तीसरा वनडे
212 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी पाकिस्तान को शुरुआत अच्छी नहीं मिली। सलामी बल्लेबाज हसिबुल्ला खान बिना खाता खोले आउट हो गए। उस समय टीम का स्कोर 8 था। दूसरे विकेट के लिए फखर जमां और बाबर आजम के बीच 74 रन की साझेदारी हुई। फखर 45 गेंद पर 8 चौके की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए।बाबर आजम 52 गेंद पर 34 और सलमान अली आगा 11 गेंद पर 6 रन बनाकर आउट हुए। 115 पर 4 विकेट खो चुकी पाकिस्तान को विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान और हुसैन तलत ने संभाला। दोनों ने नाबाद 100 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 32 गेंद पहले जीत दिला दी। पाकिस्तान ने 44.4 ओवर में 4 विकेट पर 215 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीता। रिजवान 92 गेंद पर 61 और तलत 57 गेंद पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे।











