इंदौर। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए पंजीयन शुरू किए गए हैं। पांच अक्टूबर तक सुबह सात बजे से रात्रि नौ बजे तक धान का पंजीयन करवा सकते हैं। पंजीयन के लिए किसानों द्वारा स्वयं के मोबाइल अथवा कंप्यूटर, ग्राम पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्र, सहकारी समिति पर निःशुल्क पंजीयन तथा एमपी आनलाइन कियोस्क, कामन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्रों पर निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित सायबर कैफे पर 50 रुपये का शुल्क जमा करवाकर पंजीयन करवा सकते हैं।
धान बेचने वाले सिकमी, बटाईदार एवं वनपट्टावारी किसानों के पंजीयन सहकारी समिति, सहकारी विपणन सहकारी संस्था के केंद्रों पर किए जाएंगे। किसान का पंजीयन केवल उसी स्थिति में हो सकेगा, जबकि भू-अभिलेख में दर्ज खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से होगा। पंजीयन के लिए आधार नंबर का वेरिफिकेशन उससे लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से या बायोमेट्रिक डिवाइस से किया जाएगा।
किसान के परिवार में जिन सदस्यों के नाम भूमि होगी, वे सभी अपना पृथक-पृथक पंजीयन कराएंगे। किसान की भूमि यदि अन्य जिले में है, तो उस जिले में पंजीयन कराया जाएगा। इंदौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भूमि होने पर एक ही केंद्र पर सभी भूमियों का पंजीयन होगा।
यहां होंगे धान खरीदी के पंजीयन
धान के पंजीयन ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्र एमपी किसान एप, एमपी आनलाइन कियोस्क, कामन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र, निजी वयक्तियों द्वारा संचालित सायबर कैफे पर किया जाएगा। कृषकों को अपनी सुविधा के अनुसार, पांच अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पंजीयन करना होगा। निर्धारित समयावधि के पश्चात पंजीयन किया जाना संभव नहीं होगा।











