1456 डाक्टरों की भर्ती में मिले सिर्फ 925, इसी माह होगी पदस्थापना

1456 डाक्टरों की भर्ती में मिले सिर्फ 925, इसी माह होगी पदस्थापना

भोपाल । मध्‍य प्रदेश में डाक्टरों की भर्ती में फिर निराशा हाथ लगी है। मप्र लोक सेवा आयोग से मेडिकल आफिसर के 1456 पदों पर लगभग एक वर्ष से चल रही भर्ती प्रक्रिया के बाद सिर्फ 925 डाक्टर ही मिले हैं, यानी 37 प्रतिशत पदों पर चयन नहीं हो सका।

इसमें ज्यादातर आरक्षित श्रेणी के पद हैं। जिन डाक्टरों का चयन हुआ है, उनमें भी कितने ज्वाइन करेंगे यह नहीं कहा जा सकता। इसके पहले देखने में आया है कि चयन के बाद भी 10 से 15 प्रतिशत डाक्टर ज्वाइन नहीं करते।

प्रदेश में मेडिकल आफिसरों के 5097 पद हैं। इनमें अभी 1719 रिक्त हैं। हाल में चयनित सभी डाक्टरों के ज्वाइन करने के बाद भी 794 पद रिक्त रह जाएंगे। विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बचे पदों के लिए अगले वर्ष फिर लोक सेवा आयोग से भर्ती की जाएगी।

नए डाक्टरों के मिलने से बड़ा लाभ यह होगा कि ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों जैसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डाक्टरों के रिक्त पद भरे जा सकेंगे। पदस्थापना के लिए डाक्टरों से आनलाइन विकल्प मांगे गए हैं। बता दें कि अभी प्रदेश के लगभग पौने चार सौ अस्पताल बंधपंत्र चिकित्सकों के भरोसे चल रहे हैं। सवा सौ अस्पतालों में तो कोई डाक्टर ही नहीं है।

Advertisement