बिहार विधानसभा का मॉनसून सत्र के पहले दिन ही विपक्ष ने मांगा तेजस्वी का इस्तीफा, चार्जशीट का मुद्दा उठा नीतीश पर सीधा वार
Updated on
10 Jul 2023, 01:39 PM
पटना: बिहार की राजनीति के अगले 5 दिन तक गरम रहने के आसार हैं। आज यानि 10 जुलाई से बिहार विधानमंडल का मॉनसून सत्र (Bihar Vidhansabha Monsoon Session) शुरू होने जा रहा है। बैठक से पहले उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) भी विदेश से लौट आए हैं। इस बार भी बिहार विधानसभा का मॉनसून सत्र छोटा यानि 5 दिन का होगा। हालांकि इसी सत्र को लेकर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सत्ताधारी महागठबंधन और विपक्षी बीजेपी के बीच तनातनी दिख गई। नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा बीच में ही बैठक छोड़कर निकल गए। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा के अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी सत्तापक्ष की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वहीं सत्ताधारी महागठबंधन ने विजय कुमार सिन्हा पर नियमों के खिलाफ जाने के आरोप लगाए।ऐसी रही बिहार विधानसभा की कार्यवाही
- सुबह 11 बजे- बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू
- सुबह 11 बजे- बिहार के वित्त मंत्री विजय चौधरी ने प्रथम अनुपूरक व्यय विवरण सदन में रखा।
- सुबह 11:10 बजे- बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने शोक प्रकाश दिया। पूर्व विधायक गायत्री देवी के निधन पर जताया गया शोक
- सुबह 11:11 बजे- पूर्व विधानपार्षद सोनेलाल मेहता के निधन पर शोकसुबह 11:12 बजे- पूर्व विधायक शोभा लाल मंडल के निधन पर शोक
- सुबह 11:13 बजे- बिहार विधानपरिषद पूर्व सदस्य उमेश्वर मंडल के निधन पर शोक
- सुबह 11:14: सदन के पूर्व सदस्यों के निधन पर सभी सदस्यों ने खड़े होकर एक मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी।
- सुबह 11:15 बजे- विधानसभा की आज की कार्यवाही स्थगित, अब कल सुबह 11 बजे से शुरू होगा बिहार विधानमंडल का मॉनसून सत्र
- विपक्षी बीजेपी ने मांगा उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का इस्तीफा
- मॉनसून सत्र के पहले दिन बिहार बीजेपी ने एक सुर से उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर सदन के अंदर और बाहर हमला बोला। नेता विरोधी दल विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि 'विधानसभा में अगर तेजस्वी प्रसाद यादव चार्जशीट हो कर बैठे हैं तो फिर नीतीश कुमार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति का क्या हुआ? जीतन राम मांझी हो या पूर्व शिक्षा मंत्री, पूर्व कानून मंत्री, इन पर मुकदमे के चलते नीतीश ने मंत्रिमंडल से हटाया। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जवाब देना होगा। उप मुख्यमंत्री और भ्रष्टाचारी तेजस्वी यादव को बर्खास्त करना होगा। हम इसका सड़क से लेकर सदन तक विरोध करेंगे।'